शिक्षा बोर्ड में हर्षोल्लास से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस

 
शिक्षा बोर्ड में हर्षोल्लास से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस

भिवानी :  

आज हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड में 79वां स्वतंत्रता दिवस बहुत ही हर्षोल्लास व राष्ट्र प्रेम की भावना से ओत-प्रोत होकर मनाया गया।

शिक्षा बोर्ड प्रांगण में स्थित सर्वपल्ली राधाकृष्णन् लैब स्कूल की 12वीं कक्षा की छात्रा रही कु० रश्मी पुत्री श्री देवीलाल द्वारा राष्ट्रीय ध्वजारोहण् किया गया तथा स्कूल के बच्चों द्वारा राष्ट्रगान गाया गया।

कु० रश्मी ने सीनियर सैकेण्डरी परीक्षा के कॉमर्स संकाय में 97.40 प्रतिशत अंक अर्जित कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया है।
इस अवसर पर बोर्ड अध्यक्ष प्रो०(डॉ०) पवन कुमार ने कहा कि यह दिवस हम सभी देशवासियों में स्वाभिमान व देशभक्ति की भावना को उत्पन्न व विकसित करता है। उन्होंने भारत के वीर शहीदों, स्वतन्त्रता सेनानियों, महान देशभक्तों को सादर नमन किया तथा कहा कि इनके उत्सर्ग के फलस्वरूप ही हमारा देश परतंत्रता की बेडिय़ों से मुक्त हुआ है तथा इनके आर्दशों व पद-चिन्हों पर चल कर ही हम भारत को विश्व शक्ति बना सकते हैं। हम सभी देशवासी अपनी मातृभूमि, मातृभाषा तथा माँ का ऋण नहीं उतार सकते।
उन्होंने कहा कि न केवल मनुष्य बल्कि पशु-पक्षी भी आजादी का महत्व जानते हैं। हमारे देश के कवियों ने पक्षियों के माध्यम से आजादी का महत्व समझाते हुए लिखा है कि पक्षी को अगर पिजरें में बंद कर दिया जाए तो वह कहता है कि -नींड़ न दो, चाहे टहनी का आश्रय छिन्न-भिन्न कर डालो, लेकिन पंख दिए है तो आकुल उड़ान में विघ्र न डालो।

जिन वीरों ने बलिदान देकर हमें इस स्वतन्त्रता दिवस की सौगात दी है, उन बलिदानियों को शत्-शत् नमन। हमारे देशभक्तों ने अंग्रेज शासन को उखाड़ फेकनें का दृढ़ संकल्प लिया तथा देश को आजाद करवाकर ही दम लिया।
बोर्ड उपाध्यक्ष श्री सतीश शाहपुर ने इस अवसर पर अपने संबोधन में कहा कि हमें स्वतन्त्रता इतनी आसानी से नहीं मिली, इसके लिए अनेक स्वतन्त्रता सेनानियों ने अपने प्राणों का बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि जब शहीद भगत सिंह को कोर्ट में पेश किया गया तो उन्होंने अपने साथियों के साथ- इन्कलाब जिन्दाबाद का नारा लगाया। वहां खड़े लोगों ने जब इस नारे का मतलब पूछा तो उन्होंने कहा कि अन्याय और असत्य के खिलाफ आवाज इन्कलाब है। आजादी के लिए नौजवानों का संघर्ष इन्कलाब है।
        इस अवसर पर बोर्ड अध्यक्ष प्रो०(डॉ०) पवन कुमार एवं उपाध्यक्ष श्री सतीश ने सर्वपल्ली राधाकृष्णन् लैब स्कूल की सीनियर सैकेण्डरी परीक्षा मार्च-2025 में विद्यालय में प्रथम स्थान पर रही कु० रश्मी, द्वितीय स्थान कु० राधिका देवी व तृतीय स्थान पर रही कु० भारती को पुरस्कार देकर सम्मानित किया तथा सभी बच्चों को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी। उन्होंने बोर्ड के सभी अधिकारियों/कर्मचारियों व उनके परिजनों को स्वतन्त्रता दिवस की हार्दिक बधाई दी। कार्यक्रम के दौरान शिक्षा बोर्ड के कर्मचारियों एवं सर्वपल्ली राधाकृष्णन् लैब स्कूल के बच्चों ने विभिन्न देशभक्ति की प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया तथा कार्यक्रम का समापन राष्ट्रीय गीत वन्दे मातरम के साथ किया गया।