विधायक रामकुमार गौतम के आरोपों पर इनेलो का तीखा पलटवार
 

भिवानी में इनेलो की पत्रकार वार्ता आयोजित, विधायक रामकुमार गौतम पर लगाए ब्राह्मण समाज को गुमराह करने के आरोप
 
 
Ashok Dhanimahu INLD Bhiwani

स्व. ओमप्रकाश चौटाला ने तो ब्राह्मण समाज को दिया राजनीति में पूरा प्रतिनिधित्व, गौतम मांगें माफी : डा. वासुदेव शर्मा
बिना विधायक बने भी ब्राह्मण समाज के नेताओं को नवाजा कैबिनेट रैंक से : अशोक ढ़ाणीमाहु


भिवानी, 20 मई : सफीदों से भाजपा विधायक रामकुमार गौतम द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री स्व. चौ. ओमप्रकाश चौटाला पर लगाए गए आरोपों के बाद हरियाणा में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। भाजपा विधायक ने आरोप लगाया था कि पूर्व मुख्यमंत्री स्व. चौ. ओमप्रकाश चौटाला ने अपने शासनकाल में ब्राह्मण समाज को कोई महत्व नहीं दिया था। इन आरोपों पर कड़ा ऐतराज जताते हुए इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) ने जोरदार पलटवार किया है। बुधवार को स्थानीय बड़ चौक स्थित इनेलो पार्लियामेंट्री बोर्ड के चेयरमैन एवं पूर्व मंत्री डॉ. वासुदेव शर्मा के निवास स्थान पर एक पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया। इस पत्रकार वार्ता को डॉ. वासुदेव शर्मा और इनेलो के जिला अध्यक्ष अशोक ढाणीमाहु ने संयुक्त रूप से भाजपा विधायक रामकुमार गौतम को आड़े हाथों लिया और उनके बयानों को पूरी तरह से बेबुनियाद और निंदनीय करार दिया।
      पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री डा. वासुदेव शर्मा व जिला अध्यक्ष अशोक ढ़ाणीमाहु ने कहा कि रामकुमार गौतम का यह कहना कि ओमप्रकाश चौटाला ब्राह्मण विरोधी थे, सरासर झूठ और इतिहास को झुठलाने जैसा है। इनेलो नेताओं ने स्व. चौटाला के कार्यकाल के कई ऐतिहासिक उदाहरण देते हुए भाजपा विधायक के दावों की हवा निकाल दी। डा. शर्मा ने खुद का उदाहरण देते हुए कहा कि इनेलो शासनकाल के दौरान उन्हें न केवल विधानसभा का डिप्टी स्पीकर बनाया गया, बल्कि मंत्री पद की जिम्मेदारी भी सौंपी गई। इतना ही नहीं, जब वह विधायक भी नहीं थे, तब भी चौ. ओमप्रकाश चौटाला ने उन्हें फॉर्म से बुलाकर कैबिनेट का रैंक देते हुए ब्यूरो का चेयरमैन नियुक्त किया था।
       उन्होंने कहा कि हरियाणा के प्रथम मुख्यमंत्री पंडित भगवत दयाल शर्मा के पुत्र स्वर्गीय राजेश शर्मा जब कांग्रेस के टिकट पर विधानसभा चुनाव हार गए थे, तब इनेलो सुप्रीमो चौ. ओमप्रकाश चौटाला ने बड़ा दिल दिखाते हुए उन्हें यमुनानगर से विशेष तौर पर बुलाया। स्व. चौटाला ने उन्हें कैबिनेट का रैंक देकर प्लॉनिंग बोर्ड का डिप्टी चेयरमैन बनाया। इनेलो नेताओं ने बताया कि स्व. चौटाला ने ब्राह्मण समाज के अनेक लोगों को चुनाव लड़वाया और उच्च पदों पर आसीन किया। भिवानी जिले के गांव धनाना के श्रीकिशन शर्मा को हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड का चेयरमैन बनाया गया, जबकि जाने-माने अधिवक्ता गोपीराव वशिष्ठ को भिवानी लोकसभा क्षेत्र से इनेलो का टिकट देकर चुनाव लड़वाया गया था।
      इनेलो पार्लियामेंट्री बोर्ड के चेयरमैन डॉ. वासुदेव शर्मा और जिला अध्यक्ष अशोक ढाणीमाहु ने रामकुमार गौतम को सख्त लहजे में आगाह और सचेत किया। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय चौधरी ओमप्रकाश चौटाला जैसे कद्दावर और सर्वसमाज को साथ लेकर चलने वाले नेता पर इस तरह के मनगढ़ंत आरोप लगाना बेहद घटिया राजनीति का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि रामकुमार गौतम अपने इन बेबुनियाद शब्दों को तुरंत वापस लें और देश व प्रदेश के ब्राह्मण समाज को गुमराह करना बंद करें। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में यदि इनेलो के शीर्ष नेतृत्व पर इस तरह की अनर्गल बयानबाजी की गई, तो उसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि चौ. ओमप्रकाश चौटाला की सर्वसमाज को साथ जोडऩे की नीति को इनेलो सुप्रीमो चौधरी अभय सिंह चौटाला पूरी ताकत से आगे बढ़ा रहे हैं।
       उन्होंने बताया कि अभय सिंह चौटाला ने आज भी उन्हें (डॉ. वासुदेव शर्मा को) पार्टी के सबसे महत्वपूर्ण विंग पार्लियामेंट्री बोर्ड का चेयरमैन बनाकर समाज का मान बढ़ाया है। इसके अलावा पूर्व विधायक राधेश्याम शर्मा को पार्टी में पूरे मान-सम्मान के साथ शामिल किया गया है और हाल ही में सतबीर गौतम पूर्व सरपंच को प्रदेश कार्यकारिणी में शामिल कर संगठन में बड़ी जिम्मेदारी दी गई है।
      इनेलो जिला अध्यक्ष अशोक ढाणीमाहु और डॉ. वासुदेव शर्मा ने साफ तौर पर कहा कि भाजपा विधायक चाहे जितनी मर्जी राजनीति कर लें, लेकिन हरियाणा का ब्राह्मण समाज बेहद समझदार है। वह इनेलो के शासनकाल में मिले सम्मान को भूला नहीं है और आज भी पूरी मजबूती के साथ इंडियन नेशनल लोकदल और चौधरी अभय सिंह चौटाला के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है। इस अवसर पर प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सतवीर गौतम, विजय पंचगांवा, राजेश शर्मा, शुभम शर्मा, प्रदीप कुंडू, जितेंद्र मिनी भी साथ रहे।