Abhay Chautala Press Conference Bhiwani: बीजेपी सरकार पूंजीपतियों के इशारों पर बना रही नीतियां, इनेलो सुप्रीमो का बड़ा हमला

नूंह में 27 सितंबर को चौधरी देवीलाल की 113वीं जयंती का राज्य स्तरीय समारोह आयोजित होगा। अभय चौटाला ने भिवानी में कार्यकर्ताओं को निमंत्रण दिया।
 
Rampal Majra INLD

नूंह में 27 सितंबर को आयोजित होगा जननायक स्व. चौ. देवीलाल की 113वीं जयंती का राज्य स्तरीय समारोह

भिवानी पहुंचे इनेलो सुप्रीमो अभय सिंह चौटाला, बैठक को संबोधित कर राज्य स्तरीय समारोह का दिया निमंत्रण 

इनेलो सुप्रीमो का सरकार पर बड़ा हमला, कहा : पूंजीपतियों के इशारों पर नीतियां बना रही भाजपा सरकार

अपनी नाकामियां छिपाने के लिए मुख्यमंत्री पिछली सरकारों का उदाहरण देकर बचते है अपनी जवाबदेही से : अभय सिंह चौटाला

हरियाणा में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त, विधानसभा में सवालों का जवाब देने से बच रहे मुख्यमंत्री : अभय चौटाला

भाजपा की तानाशाही से जनता त्रस्त, प्रदेश में बदलाव का आधार बनेगा नूंह समारोह : रामपाल माजरा

भिवानी, 30 अगस्त : पूर्व उपप्रधानमंत्री जननायक स्व. चौ. देवीलाल की 113वीं जयंती के उपलक्ष्य में 27 सितंबर को नूंह में राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसी कड़ी में तैयारियों की समीक्षा और कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश देने के लिए रविवार को स्थानीय जाट धर्मशाला में इनेलो की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक को संबोधित करने इनेलो सुप्रीमो अभय सिंह चौटाला पहुंचे तथा कार्यकर्ताओं को संबोधित करने उपरांत राज्य स्तरीय समारोह का निमंत्रण भी दिया। रविवार को हुई बैठक में इनेलो सुप्रीमो चौ. अभय सिंह चौटाला के साथ प्रदेश अध्यक्ष रामपाल माजरा और इनेलो पार्लियामेंट्री बोर्ड के चेयरमैन पूर्व मंत्री डॉ. वासुदेव शर्मा पहुंचे। अभय चौटाला ने बताया कि वे और प्रदेश अध्यक्ष 9 तारीख से लगातार 50 से अधिक विधानसभा क्षेत्रों का दौरा कर चुके हैं।

पत्रकारों से बातचीत करते हुए अभय चौटाला ने भाजपा सरकार को जमकर आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार आम जनता के हितों को दांव पर रखकर पूंजीपतियों को फायदा पहुंचाने का काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार और महंगाई के पीछे भी बड़े उद्योगपतियों का प्रभाव है, जिनसे पैसे लेकर सरकार उनके मनमाफिक नीतियां बनाती है। इनेलो सुप्रीमो ने विपक्ष की भूमिका पर भी सवाल खड़े करते हुए कहा कि प्रदेश में कांग्रेस और भाजपा मिलकर माहौल खराब कर रही हैं। उन्होंने हॉर्स ट्रेडिंग (विधायकों की खरीद-फरोख्त) का गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस वोट बेचती है और भाजपा खरीदती है। 20-25 करोड़ रुपये देकर विधायकों को खरीदा जा रहा है, जो कि भ्रष्टाचार का सबसे बड़ा उदाहरण है।

राज्य में बिगड़ती कानून व्यवस्था पर चिंता जताते हुए चौटाला ने कहा कि हरियाणा में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। जब विधानसभा में इस विषय पर मुख्यमंत्री से सवाल पूछे जाते हैं, तो वे अपनी सरकार की नाकामियों को छिपाने के लिए पिछली सरकारों का उदाहरण देने लगते हैं। मुख्यमंत्री को पुरानी बातें छोडक़र यह बताना चाहिए कि वर्तमान में प्रदेश में क्या स्थिति है। अभय चौटाला ने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे अभी से गांव-गांव और घर-घर जाकर नूंह में होने वाले राज्य स्तरीय कार्यक्रम का न्योता दें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जनसमर्थन को देखते हुए इस बार की जयंती रैली एक नया रिकॉर्ड कायम करेगी और ऐतिहासिक साबित होगी।

 इस मौके पर इनेलो प्रदेश अध्यक्ष रामपाल माजरा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज हरियाणा की जनता भाजपा सरकार की तानाशाही और जनविरोधी नीतियों से पूरी तरह त्रस्त हो चुकी है। माजरा ने कहा कि इनेलो सुप्रीमो चौ. अभय सिंह चौटाला के नेतृत्व में पार्टी लगातार धरातल पर जाकर जनता की लड़ाई लड़ रही है। नूंह में 27 सितंबर को आयोजित होने वाला 113वां जयंती समारोह केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रदेश में बदलाव की शुरुआत साबित होगा।

 इस मौके पर इनेलो पार्लियामेंट्री बोर्ड के चेयरमैन और पूर्व मंत्री डा. वासुदेव शर्मा ने हल्का स्तरीय बैठकों में कहा कि जननायक स्व. चौधरी देवीलाल ने हमेशा किसानों, मजदूरों, छोटे व्यापारियों और शोषित वर्ग के अधिकारों की लड़ाई लड़ी। उन्होंने कहा कि मौजूदा भाजपा सरकार पूंजीपतियों के इशारों पर चल रही है और आम जनता के हितों को ताक पर रख दिया गया है। आज प्रदेश को एक बार फिर जननायक चौ. देवीलाल के विचारों और नीतियों पर चलाने की आवश्यकता है। जिला अध्यक्ष अशोक ढ़ाणीमाहु ने कहा कि नूंह में होने वाले राज्य स्तरीय जयंती समारोह को लेकर कार्यकर्ताओं में अभूतपूर्व जोश देखने को मिल रहा है। उन्होंने दावा किया कि भिवानी जिले के सभी हलकों से रिकॉर्ड संख्या में कार्यकर्ता और आमजन गाडिय़ों के काफिले के साथ नूंह पहुंचेंगे और यह रैली हरियाणा की राजनीति में एक नया इतिहास रचेगी। इस अवसर पर ओमप्रकाश गौरा, हनुमान गुप्ता, सुनील लांबा, डा. मनजीत ढुल, जितेंद्र मिनी, संदीप घणघस, इंदु परमार, सरोज श्योराण, शारदा मिश्रा, नितिन सैन, विक्रम बड़ेसरा, सुभाष धानक, दीपक वाल्मीकि, सोनू ग्रेवाल, अनिल सांगवान, बिरेंद्र ग्रेवाल, दिलबाग चेयरमैन, राय सिंह, रामकिशन शर्मा, अशोक शर्मा, अशेाक कड़वासरा, पूर्ण जांगड़ा, बंटी तंवर सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।