समस्याओं पर पत्राचार करने की बजाय अधिकारी काम करें: डीसी 

 
समस्याओं पर पत्राचार करने की बजाय अधिकारी काम करें: डीसी 

भिवानी।

सोमवार को लघु सचिवालय स्थित डीआरडीए सभागार में समाधान शिविर आयोजित हुआ, जिसमें डीसी साहिल गुप्ता ने नागरिकों की समस्याएं सुनी। डीसी ने अधिकारियों को स्पष्ट तौर पर निर्देश दिए कि वे समस्याओं पर पत्राचार ना कर उनका समाधान करेंं। नागरिकों की बिजली, पानी और सीवरेज संबंधित समस्याओं का समाधान करना ही अधिकारियों की प्राथमिकता होनी चाहिए।

समाधान शिविर में पहुंची सीवरेज जाम और सडक़ों पर बने गड्डïों से संबंधित समस्याओं पर डीसी ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का निपटारा कर फोटो सहित साक्ष्य प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
समाधान शिविर में डीसी के समक्ष सुनील वर्मा नंबरदार ने फुटपाथ से अतिक्रमण हटवाने, अनिल कुमार ने चौ. बंसीलाल राजकीय सामान्य अस्पताल के डायलिसिस सेंटर में बिजली और पेयजल, बृजपाल ने अवैध कॉलोनी पर अंकुश लगाने व ग्रीन बेल्ट से अवैध कब्जा हटवाने, सतीश कुमार ने अपने पिता के आधार कार्ड अपडेट करवाने, ईश्वर शर्मा ने निनाण गांव में रोहतक रोड़ पर डिवाईडर पर स्ट्रीट लाईटों को जलवाने, कर्मबीर ने गांव लोहानी में पंचायती भूमि से अवैध हटवाने, अनिल सोलंकी ने शहर में लोहारू बाईपास के नीचे मोटी रोड़ी पर तारकोल व जीरो रोड़ी डलवाने, एडवोकेट मुकेश गुलिया ने रोहतक रोड़ पर सीवरेज दुरूस्त करवाने, भगवान दास ने बाईपास पर बस्ती में पेयजल आपूर्ति करवाने, बावड़ी गेट, औद्योगिक क्षेत्र और सामान्य अस्पताल के सामने रोड़ पर बने गड्डïों को दुरूस्त करवाने संबंधित समस्या रखी।
  इसी प्रकार से डीसी के समक्ष पार्षद संदीप ने सेक्टर-13 में जाम सीवरेज को दुरूस्त करवाने, पूर्व पार्षद ईश्वर मान ने लघु सचिवालय में सफाई व्यवस्था को दुरूस्त करवाने, बलवान ने गली में सीवर का ढक्कन ठीक करवाने, सीएम विन्डो एमिनेंट पर्सन केके ग्रोवर ने कृष्णा कॉलोनी के सरदाना पार्क से अवैध कब्जा हटवाने, तिगड़ाना निवासी नरेन्द्र ने दूषित पेयजल बारे व गंदे पानी की निकासी करवाने, रमेश व अजमेर ने पीपीपी से सम्बंधित समस्या रखी।
समस्याओं का समाधान कर फोटो सहित साक्ष्य प्रस्तुत करें अधिकारी
समस्याएं सुनते हुए डीसी ने लोक निर्माण विभाग,एनएच, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सडक़ों पर बने गड्डïों व सीवरेज दुरूस्त करवाएं तथा फोटो सहित साक्ष्य प्रस्तुत करें।

इसी के साथ ही उन्होने बिजली निगम अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे गांव निनाण के पास रोहतक रोड़ पर स्ट्रीट लाईटें शुरु करवाने का काम करें। अंधेरे के कारण हादसे नही होने चाहिए।
समाधान शिविर में एसडीएम महेश कुमार, सीटीएम अनिल कुमार, सीएमजीजीए ऋषव रंजन, सिविल सर्जन डॉ. रघुवीर शांडिल्य, डीडीए विनोद फोगाट, टीएम भरत पाल, तहसीलदार जयबीर सिंह, डीएलडीएम राजवंती यादव सहित विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्षों के अलावा गैर सरकारी सदस्य रामकिशन हालुवासिया, सुनील वर्मा नंबरदार, नरेन्द्र ग्रेवाल, केके ग्रोवर, अनिल सोलंकी मौजूद रहे।