Jampur Seva Samiti Bone Camp Bhiwani: भिवानी में हड्डी और लिवर जांच शिविर का आयोजन, 78 मरीजों के स्वास्थ्य की हुई जांच
जामपुर सेवा समिति द्वारा हड्डी शिविर का आयोजन, 78 की हुई जांच
गलत खान-पान और दिनचर्या के कारण हड्डियों जुड़ी समस्याएं तेजी से बढ़ रही, समय पर जांच जरूरी : गोपाल कृष्ण पोपली
भिवानी, 28 सितंबर : स्थानीय कृष्णा कॉलोनी स्थित डॉ. विद्या सागर चैरिटेबल अस्पताल में सोमवार को हड्डी शिविर का आयोजन किया गया। अस्पताल प्रबंधन द्वारा सामाजिक सरोकारों के तहत हर माह के अंतिम सोमवार को आयोजित किए जाने वाले इस नियमित शिविर की श्रृंखला में क्षेत्र के लोगों ने बढ़-चढक़र भाग लिया। शिविर के दौरान कुल 78 मरीजों के स्वास्थ्य की गहन जांच की गई और उन्हें आवश्यक चिकित्सीय परामर्श प्रदान किया गया। शिविर में पहुंचे मरीजों को आधुनिक चिकित्सा पद्धतियों और अत्याधुनिक मशीनों का लाभ मिला। जांच प्रक्रिया के दौरान मरीजों की हड्डियों के घनत्व की संपूर्ण जांच के साथ-साथ फिब्रो स्कैन विधि से लिवर की स्थिति का सूक्ष्म परीक्षण किया गया। इस तकनीक के माध्यम से बिना किसी दर्द या असहजता के लिवर से जुड़ी समस्याओं की समय रहते सटीक जानकारी मिल सकी, जिससे स्थानीय निवासियों को काफी राहत मिली। शिविर का शुभारंभ जामपुर सेवा समिति के प्रधान गोपाल कृष्ण पोपली, महासचिव विनोद मिर्ग व डा. विक्रांत खन्ना ने रिबन काटकर किया।

गुरुग्राम के प्रसिद्ध कल्याणी अस्पताल से पहुंचे चिकित्सक डा. विक्रांत खन्ना ने शिविर में मुख्य चिकित्सक के रूप में अपनी सेवाएं दीं। इस अवसर पर जामपुर सेवा समिति के प्रधान गोपाल कृष्ण पोपली और महासचिव विनोद मिर्ग ने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएँ पहुंचाना ही उनकी संस्था का मुख्य ध्येय है। उन्होंने कहा कि आज के समय में गलत खान-पान और दिनचर्या के कारण हड्डियों जुड़ी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। ऐसे में समय पर सही जांच और डॉक्टर की सलाह से गंभीर बीमारियों से बचा जा सकता है। उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि डॉ. विद्या सागर चैरिटेबल अस्पताल आगे भी हर माह के अंतिम सोमवार को इस तरह के जनहितकारी शिविर आयोजित करता रहेगा, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद लोगों को गुणवत्तापूर्ण इलाज मिल सके। इस अवसर पर सुरेश कुमार गाड्डी (शीलम), राजकुमार जावा, महेंद्र हंस, बालकिशन सनेजा, रविंद्र अघी, प्रेम धमीजा, श्याम मिर्ग, नरेश हंस, सुनील वधवा, रवि चांदना, प्रेम धमीजा, सतपाल नरूला, सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।