जेसीआई भिवानी स्टार ने भाजपा के नवनियुक्त जिला कोषाध्यक्ष नवीन गुप्ता को किया सम्मानित 

 
जेसीआई भिवानी स्टार ने भाजपा के नवनियुक्त जिला कोषाध्यक्ष नवीन गुप्ता को किया सम्मानित 

भिवानी :

जेसीआई भिवानी स्टार ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नवनियुक्त जिला कोषाध्यक्ष नवीन गुप्ता को सोमवार को स्थानीय हुडा पार्क में सम्मानित किया।

यह सम्मान समारोह नवीन गुप्ता द्वारा व्यापारियों के हितों के लिए किए गए अथक प्रयासों को स्वीकार करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था।

यह जानकारी देते हुए जेसीआई भिवानी स्टार के मीडिया प्रभारी कपिल शर्मा ने बताया कि नवीन गुप्ता ने हमेशा व्यापारियों की आवाज़ को बुलंद किया है। शर्मा ने जोर देकर कहा नवीन गुप्ता ने सदैव व्यापारियों के मुद्दों को प्राथमिकता दी है और उनके हक के लिए संघर्ष किया है।

उन्होंने कहा कि अपनी नई जिम्मेदारी के साथ नवीन गुप्ता अब और भी अधिक मजबूती और प्रभावशीलता के साथ व्यापारियों की चिंताओं और मांगों को सरकार तक पहुंचाने में सक्षम होंगे। इस मौके पर प्रधान जेएफएम संदीप अग्रवाल (मुन्ना चीनी) ने नवीन गुप्ता द्वारा समाजहित में किए जा रहे कार्यो की सराहना की तथा उन्हें उनकी नई भूमिका के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम व्यापारियों के समुदाय और राजनीतिक नेतृत्व के बीच संबंधों को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

इस मौके पर भाजपा के नवनियुक्त जिला कोषाध्यक्ष नवीन गुप्ता ने जेसीआई भिवानी स्टार का आभार जताते हुए कहा कि वे इस सम्मान का ऋण जीवन में कभी नहीं उतार पाएंगे, लेकिन यह विश्वास जरूर दिलाते है कि संस्था व व्यापारियों को उनकी जब भी कभी जरूरत पड़ेंगी, वे हमेशा मदद के लिए तैयार रहेंगे। इस अवसर पर जेसीआई भिवानी स्टार के सभी सदस्यगण के अलावा व्यापारीगण भी मौजूद रहे।