जेसीआई भिवानी स्टार ने नन्दी सेवा-गौ सेवा को बनाया स्थाई प्रोजेक्ट : नन्दी शाला में किया हरा चारा व सेवा कार्य का आयोजन
भिवानी, 30 जुलाई : युवाओं की सामाजिक एवं सेवादारी संस्था जेसीआई भिवानी स्टार द्वारा बेसहारा पशुओं और गौवंश की देखभाल के उद्देश्य से एक सराहनीय पहल करते हुए नंदी सेवा-गौ सेवा को अपना स्थाई प्रोजेक्ट घोषित किया गया है। इसी कड़ी में संस्था के पदाधिकारियों व सदस्यों द्वारा वीरवार को स्थानीय हालुवास गेट स्थित नन्दी शाला में गौवंश एवं नंदी महाराज के लिए गुड़, आटा तथा सवामणी की व्यवस्था की गई। इसके साथ ही उन्होंने सभागार में एसी भी दान किया। कार्यक्रम के दौरान जेसीआई सदस्य धर्मेंद्र जिंदल का जन्मदिन भी नंदीशाला में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जय नंदी महाराज, जय श्री कृष्ण और जय गौ माता के जयकारों के साथ हुआ। संस्था के सदस्यों ने स्वयं नंदीशाला पहुंचकर गौवंश को अपने हाथों से चारा खिलाया और परिसर में सफाई व रखरखाव व्यवस्था का जायजा लिया। कार्यक्रम के दौरान जेसीआई भिवानी स्टार के अध्यक्ष जेसी संदीप अग्रवाल ने कहा कि गौवंश और नंदी महाराज की सेवा हमारी सनातन संस्कृति का मूल आधार है। बेसहारा और आश्रित पशुओं की देखभाल करना केवल धार्मिक कर्तव्य ही नहीं, बल्कि एक सामाजिक जिम्मेदारी भी है। जेसीआई भिवानी स्टार ने संकल्प लिया है कि यह नन्दी सेवा-गौ सेवा अभियान केवल एक दिन का कार्यक्रम न होकर हमारा परमानेंट प्रोजेक्ट रहेगा। हम नियमित रूप से यहां आकर चारे और चिकित्सा आदि सुविधाओं में सहयोग करते रहेंगे। इसी दौरान संस्था के संरक्षक जेसी गोपाल अग्रवाल ने भी संबोधित करते हुए कहा कि युवाओं का इस प्रकार के जीव-दया के कार्यों से जुडऩा समाज के लिए एक प्रेरणादायक संदेश है। जब युवा शक्ति समाज सेवा और जीव-सेवा की ओर कदम बढ़ाती है, तो एक सुदृढ़ समाज का निर्माण होता है। इस स्थाई प्रोजेक्ट को सुचारू रूप से संचालित करने की कमान संस्था के प्रोजेक्ट डायरेक्टर्स जेसी निरंजन बंसल, जेसी पंकज शर्मा, जेसी गणेश अग्रवाल, जेसी कुणाल चांगिया, जेसी प्रिंस गर्ग व जेजे गर्वित अग्रवाल को सौंपी गई है, जिन्होंने इस कार्यक्रम के आयोजन और व्यवस्थापन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस कार्यक्रम में जेसीआई भिवानी स्टार के सभी सदस्य उपस्थित रहे।

