Trupti Shyoran in Bhiwani: बाल आयोग चेयरपर्सन ने की शिरकत, बेटियों के कुश्ती मुकाबले को दिए अपने निजी कोष से पुरस्कार
झुम्पा कलां में विशाल कुश्ती दंगल का आयोजन : पर्यावरण संरक्षण और खेल प्रतिभाओं को मिला प्रोत्साहन
बेटियों का कुश्ती जैसे कठिन खेल में आगे आना पूरे समाज के लिए गौरव की बात : चेयरपर्सन तृप्ति श्योराण
भिवानी, 06 सितंबर : गांव झुम्पा कलां में गोगा जी मेले के अवसर पर कुश्ती दंगल का आयोजन किया गया। इस खेल उत्सव में अखाड़े के दांव-पेंच के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और महिला सशक्तिकरण की अनूठी मिसाल देखने को मिली। दंगल में हरियाणा समेत विभिन्न क्षेत्रों से आए पहलवानों ने अपनी ताकत और हुनर का बेहतरीन प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में हरियाणा राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की चेयरपर्सन तृप्ति श्योराण ने शिरकत की। इस दौरान उन्होंने गोगा मंदिर प्रांगण और बाबा श्याम बगीची में आम, चीकू, मौसमी, बरगद, पीपल, नीम और जामुन समेत कुल 21 फलदार व छायादार पौधे रोपे। इसके साथ ही उन्होंने बालिका पहलवानों का हौसला बढ़ाते हुए लड़कियों के कुश्ती दंगल के सभी पुरस्कार अपने निजी कोष से भेंट किए।
इस मौके पर तृप्ति श्योराण ने कहा कि खेल हमारे बच्चों को अनुशासन और बेहतर स्वास्थ्य प्रदान करते हैं। विशेष रूप से बेटियों का कुश्ती जैसे कठिन खेल में आगे आना पूरे समाज के लिए गौरव की बात है। बेटियों को प्रोत्साहन देना हम सबका नैतिक कर्तव्य है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि प्रकृति का संतुलन बनाए रखने के लिए पौधारोपण बेहद जरूरी है। हर व्यक्ति को अपने जीवन के विशेष अवसरों पर पौधे लगाकर उनकी देखभाल का संकल्प लेना चाहिए।

दंगल का विधिवत शुभारंभ भीम अवार्डी एवं हिंद केसरी पहलवान वीरेंद्र उर्फ बला ग्रेवाल बामला ने गोगा मंदिर के ग्रीन जोन में मौसमी का पौधा लगाकर किया। इसके बाद उन्होंने दंगल में मुख्य रेफरी की अहम भूमिका भी निभाई और निष्पक्ष मुकाबलों का संचालन कराया। पहलवान वीरेंद्र ग्रेवाल ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि कुश्ती भारत की मिट्टी से जुड़ा पारंपरिक खेल है। खेल युवाओं को नशे और गलत आदतों से दूर रखकर राष्ट्र निर्माण की ओर मोड़ते हैं। आज के समय में खेलों में अपार संभावनाएं हैं और कड़ी मेहनत से ग्रामीण अंचल के युवा भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन कर सकते हैं।
दंगल के मुख्य मुकाबले में कड़े संघर्ष के बाद सोनीपत के रायपुर अखाड़े के संदीप पुनिया ने बाजी मारी और प्रथम विजेता का खिताब अपने नाम किया। दूसरा इनाम भी रायपुर अखाड़ा के पहलवान ने अपने नाम किया। उपस्थित खेल प्रेमियों ने तालियों की गडग़ड़ाहट के साथ विजेता पहलवान का स्वागत किया। इस आयोजन के दौरान प्रभुराम गिगनाऊ कन्नी प्रधान, रणवीर सिंह कन्नी सचिव, मीरसिंह नंबरदार, सरपंच प्रतिनिधि जगदीश प्रधान, कन्नी सचिव युद्धवीर, किसान नेता चंद्रसिंह बड़वास, धीरज श्योराण, दर्शनानंद नेहरा रिटायर्ड अधीक्षक, ईश्वरसिंह श्योराण, महेंद्र सिंह श्योराण, मंजीत सरपंच, होशियार सिंह मान, मंदरूप मान और जसबीर कोच समेत बड़ी संख्या में खेल प्रेमी व पर्यावरण प्रेमी मौजूद रहे।