हरियाणा में जॉब सिक्योरिटी पोर्टल लॉन्च, CM सैनी ने उद्घाटन किया 

 
हरियाणा में जॉब सिक्योरिटी पोर्टल लॉन्च, CM सैनी ने उद्घाटन किया 

हरियाणा के 1.20 लाख अनुबंध कर्मचारियों के लिए आज से नई शुरुआत की गई है। उनकी जॉब सिक्योरिटी 2025 नियमों के तहत आवेदन के लिए ऑनलाइन करने और उनके निपटान के लिए www.securedemployee.csharyana.gov.in के नाम से एक पोर्टल शुरू किया गया है। पोर्टल की शुरुआत मुख्यमंत्री नायब सैनी ने की। इसका कर्मचारियों को करीब 1 साल से इंतजार था।

2 दिन पहले मुख्य सचिव (CS) अनुराग रस्तोगी द्वारा इस संबंध में एक लेटर भी जारी किया था। इसमें लिखा था कि अनुबंध कर्मचारियों को जॉब सिक्योरिटी का लाभ देने की प्रक्रिया में पारदर्शिता, सटीकता और एकरूपता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अब सभी मामलों का निपटान केवल ऑनलाइन माध्यम से किया जाएगा। किसी भी प्रकार के भौतिक आवेदन या ऑफलाइन आदेश स्वीकार नहीं किए जाएंगे और न ही उन्हें मान्य माना जाएगा।

अनुबंध कर्मचारियों को पंजीकरण कर सभी आवश्यक दस्तावेज 31 जनवरी, 2026 तक पोर्टल पर अपलोड करने होंगे। इसके बाद आहरण एवं संवितरण अधिकारी (DDO) द्वारा सेवा रिकॉर्ड का सत्यापन 28 फरवरी, 2026 तक किया जाएगा। वित्त विभाग की ओर से पात्र कर्मचारियों के लिए सुपरन्यूमैरेर पोस्ट का सृजन 31 मार्च, 2026 तक किया जाएगा।

 संबंधित विभागाध्यक्षों की ओर से अंतिम स्वीकृति एवं सेवा सुरक्षा के प्रस्ताव संबंधी लेटर 30 अप्रैल, 2026 तक जारी किए जाएंगे। सभी प्रशासनिक सचिवों, विभागाध्यक्षों, बोर्डों एवं निगमों के प्रबंध निदेशकों, मंडल आयुक्तों और उपायुक्तों को निर्देश दिए गए हैं कि वे निर्धारित समय-सीमा का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें। किसी भी प्रकार की देरी या अनुपालन में कमी के लिए जवाबदेही तय की जाएगी।