खादी उत्सव सिवानी में लोहारू हलके से रिकॉर्ड संख्या में पहुंचे कार्यकर्ता, मुख्यमंत्री के समक्ष रखा जाएगा क्षेत्र के विकास का एजेंडा : पूर्व कृषि विभाग जेपी दलाल
 

युवाओं के रोजगार के लिए बड़ा उद्योग और किसानों-गरीबों की खुशहाली हेतु विशेष प्रोजेक्ट की कि है मांग  : पूर्व कृषि मंत्री

  मोदी सरकार के 12 वर्ष सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित : पूर्व कृषि मंत्री जेपी दलाल

 
मोदी सरकार 12 साल उपलब्धियां

बहल/लोहारू, 13 जून। पूर्व कृषि एवं वित्त मंत्री जेपी दलाल ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि 17 जून को सिवानी में आयोजित होने वाले भव्य खादी उत्सव में लोहारू विधानसभा क्षेत्र से रिकॉर्ड संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाएं। उन्होंने कहा कि इस अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे तथा क्षेत्र के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषय उनके समक्ष रखे जाएंगे।

पूर्व कृषि मंत्री जेपी दलाल शनिवार को लोहारू स्थित भाजपा कार्यालय तथा बहल के मार्केट कमेटी विश्राम गृह में आयोजित भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की बैठकों को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री के समक्ष लोहारू क्षेत्र में युवाओं के लिए बड़े उद्योग की स्थापना तथा किसानों और गरीब वर्ग की आर्थिक खुशहाली सुनिश्चित करने के लिए एक बड़े विकासात्मक प्रोजेक्ट की मांग रखी है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में क्षेत्र को विकास की नई सौगातें मिलेंगी।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता केवल चुनावों तक सीमित नहीं रहता बल्कि वर्षभर जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं के समाधान और सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य करता है। यही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत और पहचान है।

विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में निभाएं सक्रिय भूमिका
पूर्व मंत्री जेपी दलाल ने कार्यकर्ताओं को निर्वाचन आयोग द्वारा चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को पूर्णतः पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाना है। उन्होंने बताया कि 1 जुलाई 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले सभी युवा मतदाता बनने के पात्र होंगे।
उन्होंने कहा कि बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं के एन्यूमरेशन फॉर्म भरवाएंगे, फोटो अपडेट करेंगे तथा हस्ताक्षरित फॉर्म प्राप्त करेंगे। नए मतदाताओं के लिए फॉर्म-6 उपलब्ध करवाए जाएंगे तथा पात्र नागरिक निर्वाचन आयोग के ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से भी आवेदन कर सकेंगे। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से इस अभियान में सक्रिय सहयोग देने का आह्वान किया।

मोदी सरकार के 12 वर्ष गरीब कल्याण और विकास को समर्पित
बैठक में जेपी दलाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार ने गरीब, किसान, महिला, युवा, मजदूर और मध्यम वर्ग के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए अनेक ऐतिहासिक योजनाएं लागू की हैं।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री जनधन योजना ने करोड़ों लोगों को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ा है, जबकि उज्ज्वला योजना ने गरीब महिलाओं को धुएं से मुक्ति दिलाकर सम्मानजनक जीवन प्रदान किया है। आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से गरीब परिवारों को पांच लाख रुपये तक का निःशुल्क स्वास्थ्य बीमा उपलब्ध कराया जा रहा है तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लाखों परिवारों को पक्के मकान मिले हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों को प्रतिवर्ष छह हजार रुपये की आर्थिक सहायता सीधे उनके खातों में भेजी जा रही है, जबकि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना प्राकृतिक आपदाओं के समय किसानों के लिए सुरक्षा कवच का कार्य कर रही है। स्वच्छ भारत मिशन, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, स्टार्टअप इंडिया, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना तथा पीएम सूर्य घर योजना जैसी योजनाओं ने देश में विकास और आत्मनिर्भरता की नई इबारत लिखी है।
जेपी दलाल ने कहा कि भाजपा का मूल मंत्र ‘अंत्योदय’ है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस विचार को धरातल पर उतारते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल और वर्तमान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में इन योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया गया है।
उन्होंने विकसित भारत-2047 के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि देश को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत वर्ष 2047 तक विश्व की अग्रणी विकसित शक्तियों में शामिल होगा।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष रोहतास चौहान, सुनील सिरसी, मुरारी लाल, नगर पालिका अध्यक्ष बंटी तायल, मार्केट कमेटी अध्यक्ष संजय नेहरा, धनपत सैनी, कमलेश भोदूका, पूर्व चेयरमैन राजीव श्योराण अरुण खरकड़ी, विजय शेखावत, महेश गांधी, दौलत राम सोलंकी, रामकुमार सिंघानी, रोहतास लाम्बा,नपा चेयरमैन प्रतिनिधि सेठ राजेश केडिया, पंचायत समिति वाईस चेयरमैन प्रमिला मान, चेयरमैन संजय राहड़ ,चेयरमैन रवि महमिया, रविन्द्र मंढोली ज़िला पार्षद,डॉक्टर बिजेंद्र कस्वा, हनुमान पाजू, सुनील हरियावास, सुनील शर्मा,रामचन्द्र टंडी वाईस चेयरमैन ,वीरेंद्र लाम्बा,गजानन्द अग्रवाल, सरपंच संदीप श्योराण सहित अनेक भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।