प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ईंधन बचत अभियान को आगे बढ़ा रहे पूर्व कृषि मंत्री जेपी दलाल, सादगी अपनाकर घटाया वाहन काफिला
राष्ट्रहित में सादगी का संदेश: पूर्व कृषि मंत्री जेपी दलाल ने घटाया वाहन काफिला, ऊर्जा संरक्षण को बनाया जनआंदोलन
ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में पूर्व कृषि मंत्री जेपी दलाल की पहल, केवल दो गाड़ियों के काफिले के साथ करेंगे जनसेवा
लोहारू/बहल/सिवानी, 19 मई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ईंधन संरक्षण एवं ऊर्जा बचत के राष्ट्रीय आह्वान तथा हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की प्रेरणा से पूर्व कृषि एवं वित्त मंत्री जेपी दलाल ने जनसेवा के अपने सफर में सादगी और जिम्मेदारी का उदाहरण प्रस्तुत करते हुए अपने वाहन काफिले में बड़ा बदलाव किया है। उन्होंने निर्णय लिया है कि अब उनके साथ केवल दो गाड़ियां ही रहेंगी।
पूर्व कृषि मंत्री जेपी दलाल ने कहा कि यह कदम केवल सादगी का प्रतीक नहीं बल्कि ईंधन बचत, पर्यावरण संरक्षण और सरकारी संसाधनों के बेहतर उपयोग की दिशा में एक सार्थक पहल है। उन्होंने कहा कि आज देश ऊर्जा संरक्षण की दिशा में एक बड़े जनआंदोलन की आवश्यकता महसूस कर रहा है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिए गए संदेश को जन-जन तक पहुंचाना हम सभी का दायित्व है।
उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक नागरिक अपनी दैनिक जीवनशैली में छोटे-छोटे बदलाव अपनाए तो देश करोड़ों लीटर ईंधन की बचत कर सकता है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि जहां भी संभव हो सार्वजनिक परिवहन जैसे बस, ट्रेन एवं मेट्रो सेवाओं का अधिक से अधिक उपयोग करें। इसके साथ-साथ कार पूलिंग और राइड शेयरिंग की आदत को बढ़ावा दें ताकि ईंधन की खपत कम हो और यातायात जाम में भी राहत मिल सके।
जेपी दलाल ने कहा कि कम दूरी के लिए पैदल चलना अथवा साइकिल का प्रयोग करना न केवल ईंधन बचाने में सहायक है बल्कि यह स्वास्थ्य के लिए भी अत्यंत लाभकारी है। उन्होंने कहा कि अनावश्यक यात्राओं से बचना चाहिए तथा सरकारी और निजी कार्यों की योजना इस प्रकार बनानी चाहिए कि एक ही दौरे में अधिकतम कार्य पूरे हो सकें।
पूर्व कृषि मंत्री ने कहा कि वाहनों को पार्किंग, प्रतीक्षा अथवा लंबे ट्रैफिक जाम के दौरान अनावश्यक रूप से चालू रखना ईंधन की बड़ी बर्बादी है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वाहन उपयोग के दौरान इस बात का विशेष ध्यान रखें। साथ ही उन्होंने नए वाहन खरीदते समय इलेक्ट्रिक वाहनों एवं ईंधन-कुशल वाहनों को प्राथमिकता देने की भी अपील की।
श्री जेपी दलाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किया गया “ईंधन बचाओ-देश बचाओ” का संदेश आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य से जुड़ा हुआ है। यदि आज हम ऊर्जा संरक्षण के प्रति सजग होंगे तो आने वाले समय में देश ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर और अधिक मजबूत बन सकेगा।
उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे व्यक्तिगत प्रयास जब सामूहिक रूप से अपनाए जाते हैं तो उनका प्रभाव अत्यंत व्यापक और सकारात्मक होता है। उन्होंने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आमजन से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि राष्ट्रहित में हर नागरिक को जिम्मेदारी निभानी होगी और ऊर्जा संरक्षण को जनआंदोलन बनाना होगा।

