संगठन की मजबूती और जनकल्याणकारी नीतियों से देश बन रहा विश्व शक्ति : जेपी दलाल
पूर्व कृषि मंत्री जेपी दलाल ने ढिगावा तथा सिवानी में मंडल स्तर पर आयोजित बैठक को किया संबोधित
बहल में मानव कल्याण हॉस्पिटल तथा विजयदीप हॉस्पिटल का किया।उद्घाटन
पूर्व कृषि मंत्री जेपी दलाल पहाड़ी, सिवानी सहित कई गांव के विवाह समारोह में भी हुए शामिल
लोहारू/बहल/सिवानी, 07 मई।
प्रदेश के पूर्व कृषि मंत्री जेपी दलाल ने वीरवार को ढिगावा तथा सिवानी का दौरा कर मंडल स्तर पर आयोजित संगठनात्मक बैठकों को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को और अधिक मजबूत करने तथा केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों को आमजन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
पूर्व कृषि मंत्री जेपी दलाल ने कहा कि बंगाल तथा आसाम में भाजपा की प्रचंड बहुमत से हुई जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कार्यशैली, दूरदर्शी नेतृत्व तथा भाजपा की जनहित एवं राष्ट्रहित की नीतियों पर जनता के विश्वास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि भाजपा अंत्योदय की भावना के साथ कार्य करने वाली पार्टी है, जो समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा गरीब, मजदूर, किसान, महिला, युवा और प्रत्येक वर्ग के हित में अनेक योजनाएं लागू की गई हैं, जिनका लाभ सीधे पात्र लोगों तक पहुंच रहा है। किसानों के हितों को सर्वोपरि रखते हुए सरकार ने कृषि क्षेत्र में कई ऐतिहासिक कदम उठाए हैं, जिससे किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है।
जेपी दलाल ने कहा कि आज भारत तेजी से विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में अग्रसर है। यदि इसी गति से विकास कार्य चलते रहे तो वर्ष 2047 से पहले ही भारत विकसित देशों की श्रेणी में शामिल हो जाएगा। उन्होंने कहा कि विश्व के विकसित देशों में भी भारत की नीतियों और नेतृत्व की चर्चा हो रही है। भारत की वैश्विक साख निरंतर बढ़ रही है, जीडीपी में वृद्धि हो रही है तथा देश की सेनाएं पहले से अधिक मजबूत हुई हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक मजबूत और निर्णायक नेतृत्व देने वाले प्रधानमंत्री हैं, जिनके नेतृत्व में देश निरंतर प्रगति कर रहा है।
पूर्व कृषि मंत्री ने संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि पार्टी संगठन के निर्देशानुसार प्रत्येक माह के प्रथम सप्ताह में मंडल बैठकों का आयोजन किया जाता है। दूसरे सप्ताह में शक्ति केंद्र प्रमुखों की बैठक, तीसरे सप्ताह में बूथ अध्यक्षों की बैठक तथा चौथे सप्ताह में प्रधानमंत्री के लोकप्रिय कार्यक्रम मन की बात को सामूहिक रूप से सुना जाता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठित होकर पार्टी और देशहित में कार्य करने तथा सरकार की योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का आह्वान किया, ताकि जरूरतमंद लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंच सके।
इस दौरान पूर्व कृषि मंत्री जेपी दलाल ने बहल में बीआरसीएम ट्रस्ट द्वारा संचालित मानव कल्याण हॉस्पिटल के नए भवन का शुभारंभ भी किया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाएं प्रत्येक व्यक्ति की मूलभूत आवश्यकता हैं और इस अस्पताल के माध्यम से क्षेत्र के लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसके अलावा उन्होंने बहल में विजयदीप अस्पताल का उद्घाटन कर स्वास्थ्य सेवाओं का अवलोकन किया तथा अस्पताल प्रबंधन द्वारा दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली।
उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार भी आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए लगातार प्रयासरत हैं। विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से गरीब एवं जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं, ताकि समाज का प्रत्येक व्यक्ति गुणवत्तापूर्ण उपचार प्राप्त कर सके।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष, मार्केट कमेटी चेयरमैन, पूर्व चेयरमैन सहित अनेक भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

