Kaddam Multispecialty Hospital: 13 अक्टूबर को स्वर्गीय अनिल सांघाई के जन्मोत्सव पर लगेगा विशाल स्वास्थ्य शिविर, मिलेगी मुफ्त सुविधाएं
विश्व हृदय दिवस पर भिवानी के कद्दम मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल में जागरूकता कार्यक्रम हुआ। अस्पताल में 13 अक्टूबर को विशाल स्वास्थ्य शिविर लगेगा।
विश्व हृदय दिवस के अवसर पर कद्दम मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, 13 अक्टूबर को स्वर्गीय श्री अनिल सांघाई जी के जन्मोत्सव पर विशाल स्वास्थ्य शिविर का होगा आयोजन
विश्व हृदय दिवस के अवसर पर कद्दम मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल, भिवानी में एक विशेष प्रेस कॉन्फ्रेंस एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को हृदय रोगों के प्रति जागरूक करना, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना तथा समय रहते हृदय रोगों की पहचान और उपचार के महत्व को समझाना था।
इस अवसर पर अस्पताल के वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. तेजवीर ग्रेवाल ने हृदय स्वास्थ्य से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा करते हुए बताया कि वर्तमान समय में हृदय रोग केवल बुजुर्गों तक सीमित नहीं रह गए हैं, बल्कि युवा वर्ग भी तेजी से इसकी चपेट में आ रहा है। उन्होंने कहा कि अनियमित दिनचर्या, तनाव, धूम्रपान, तंबाकू सेवन, मोटापा, मधुमेह, उच्च रक्तचाप तथा शारीरिक गतिविधियों की कमी हृदय रोगों के प्रमुख कारण हैं।
डॉ. ग्रेवाल ने लोगों से नियमित स्वास्थ्य जांच कराने, प्रतिदिन कम से कम 30 मिनट व्यायाम करने, संतुलित एवं पौष्टिक भोजन लेने तथा तनावमुक्त जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समय पर जांच और सही उपचार से अधिकांश हृदय रोगों को नियंत्रित किया जा सकता है तथा गंभीर जटिलताओं से बचा जा सकता है। उन्होंने यह भी बताया कि सीने में दर्द, सांस फूलना, अत्यधिक थकान, धड़कनों का असामान्य होना तथा बार-बार रक्तचाप बढ़ना जैसे लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
कार्यक्रम में अस्पताल के सीईओ श्री अनिल रावत सहित सभी प्रमुख विभागों के वरिष्ठ चिकित्सक उपस्थित रहे। इनमें डॉ. नरेश (फिजिशियन), डॉ. मोनिका (नेफ्रोलॉजिस्ट), डॉ. सीमा (स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ), डॉ. हिमांशु (जनरल सर्जन), डॉ. साधना (शिशु रोग विशेषज्ञ), डॉ. पूजा अहलावत (शिशु रोग विशेषज्ञ), डॉ. पी.के. आनंद (ऑर्थोपेडिक विशेषज्ञ), डॉ. विवेक (ऑर्थोपेडिक सर्जन) तथा डॉ. नितेश (पल्मोनोलॉजिस्ट) सहित अस्पताल के विभिन्न विभागों के चिकित्सकों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम में अस्पताल के लगभग सभी विभागों के विशेषज्ञ चिकित्सक मौजूद रहे और उन्होंने स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने का संदेश दिया।
इस अवसर पर श्री अनिल रावत, सीईओ, कद्दम मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल ने अस्पताल में उपलब्ध आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं, विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम, अत्याधुनिक डायग्नोस्टिक सेवाओं, क्रिटिकल केयर, आईसीयू, ऑपरेशन थिएटर, आपातकालीन सेवाओं तथा अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अस्पताल का उद्देश्य केवल उपचार प्रदान करना नहीं बल्कि समाज को बेहतर स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाना भी है।
श्री अनिल रावत ने बताया कि 13 अक्टूबर को स्वर्गीय श्री अनिल संघई जी के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में कद्दम मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल परिसर में एक विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय श्री अनिल संघई जी समाज सेवा, मानवीय मूल्यों और जनकल्याण के प्रति समर्पित व्यक्तित्व थे। उनके जीवन का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक सहायता और सेवा पहुंचाना था। उनके जन्मोत्सव के अवसर पर आयोजित यह स्वास्थ्य शिविर उनकी स्मृति एवं सेवा भावना को समर्पित होगा।
इस विशाल स्वास्थ्य शिविर में क्षेत्र के लोगों को निःशुल्क ओपीडी परामर्श, रक्तदान शिविर, विभिन्न स्वास्थ्य जांचों पर विशेष छूट, चयनित जांचें निःशुल्क, विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श तथा स्वास्थ्य संबंधी मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। अस्पताल प्रबंधन का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना तथा उन्हें समय पर स्वास्थ्य जांच के लिए प्रेरित करना है।
कार्यक्रम के अंत में सभी चिकित्सकों एवं अस्पताल प्रबंधन ने लोगों से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने तथा हृदय स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। विश्व हृदय दिवस के अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने बेहतर स्वास्थ्य और स्वस्थ समाज के निर्माण हेतु अपना योगदान देने का संकल्प लिया।