100 मीटर दौड़ में काजल ने, 200 मीटर में प्रिया ने,800 मीटर में सुष्मिता ने मारी बाजी 

 
100 मीटर दौड़ में काजल ने, 200 मीटर में प्रिया ने,800 मीटर में सुष्मिता ने मारी बाजी 

 कैरू/तोशाम
 राजकीय कन्या महाविद्यालय कैरु में प्राचार्या प्रोफेसर दीपिका  की अगुवाई में पंचम वार्षिक खेल-कूद प्रतियोगिता  का आयोजन किया गया। इस आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में राजीव गांधी महिला महाविद्यालय भिवानी से सेवानिवृत्ति प्राचार्या मंजू गौतम ने शिरकत की।

कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्या प्रोफेसर दीपिका व सेवानिवृत प्राचार्य मंजू गौतम ने माँ सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने छात्राओं को संबोधित करते हुए खेलों के वर्तमान महत्व एवं आवश्यकता को रेखांकित किया।

उन्होंने बताया कि खेलों से शारीरिक, मानसिक, सामाजिक विकास ही नहीं होता ,अपितु वर्तमान दूषित आबो- हवा व महामारी के दौर में   हमारे शरीर को रोगों से लड़ने की ताकत भी प्रदान करता है।इसके बाद विभिन्न प्रकार के खेल इवेंटों का शुभारंभ किया गया, जिसमें महाविद्यालय की अधिकांश छात्राओं ने बढ़- चढ़कर भाग लिया। 200 मीटर दौड़ इवेंट में कक्षा बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा प्रिया ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, तो बीए तृतीय  वर्ष की छात्रा अर्चना  द्वितीय स्थान पर रही।800 मीटर दौड़ इवेंट में कक्षा बीए द्वितीय  की छात्रा सुष्मिता ने प्रथम स्थान प्राप्त किया और बीए प्रथम वर्ष की छात्रा मनीषा द्वितीय स्थान पर रही।  100मीटर दौड़ इवेंट में कक्षा बीए तृतीय वर्ष की छात्रा काजल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, बीए तृतीय वर्ष की ही छात्रा अर्चना ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।

शॉट -पुट इवेंट में कक्षा बीए तृतीय वर्ष की छात्रा माया ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, बीए तृतीय वर्ष की ही छात्रा साक्षी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। डिस्कस- थ्रो इवेंट में कक्षा बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा कोमल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, बीए तृतीय वर्ष की छात्रा मंजू ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।  

सर्वश्रेष्ठ एथलीट के रूप में बीए तृतीय  वर्ष की मीनाक्षी को चुना गया। जैवलिन- थ्रो में कक्षा बीए तृतीय वर्ष की छात्रा सपना ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, बीए तृतीय वर्ष की छात्रा मोनिका  ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।प्रोफेसर जया, डॉ. सोनू रानी, शालू रानी, ने जज की भूमिका निभाई।
समापन सत्र के वशिष्ठ अतिथि के  रूप में लोहारू तहसील के उपमंडल अधिकारी श्री मनोज दलाल ने अपने अनुभवों को साझा किया व छात्राओं को ऐसे कार्यक्रमों में भाग लेने हेतु  प्रोत्साहित किया।

उन्होंने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि खेलकूद से न केवल शारीरिक विकास होता है, बल्कि आत्मविश्वास, अनुशासन और टीम भावना भी विकसित होती है। उन्होंने छात्राओं से आह्वान किया कि वे पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी सक्रिय भागीदारी करें।
एथलीट मीट के दौरान हुई विभिन्न प्रतियोगिताओं को संपन्न कराने में  'खेल एवं सांस्कृतिक प्रकोष्ठ' के प्रभारी प्रोफेसर यशपाल वत्स ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस प्रतियोगिता में महाविद्यालय की अधिकांश छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। विजेताओं को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र  भी प्रदान किए गए।इस अवसर पर मनोज कुमार,डॉ संदीप , संजय,सुमित, विजय, राजकुमार, जया, सोनू, शालू आदि प्रोफेसर व पूजा, मोहित, मनदीप, सतवीर, सुरेंद्र, रोहतास,  आदि अन्य महाविद्यालय के कर्मचारी उपस्थित थे।