Haryana Power Department News: वायरल वीडियो विवाद से परेशान थे SE जीतूराम तंवर, बेटी ने चार लोगों पर लगाया प्रताड़ना का आरोप

करनाल में रिटायरमेंट के दिन बिजली विभाग के SE जीतूराम तंवर का शव कार में मिला। बेटी ने चार लोगों पर प्रताड़ना और वीडियो वायरल करने का लगाया आरोप।
 
Karnal police investigation

करनाल : हरियाणा के करनाल से एक दुखद खबर सामने आ रही है। यहां बिजली विभाग के अधीक्षक अभियंता (SE) जीतूराम तंवर का शव आज संदिग्ध परिस्थितियों में उनकी रिटायरमेंट के दिन कार में मिला। अंदेशा जताया जा रहा है उन्होंने जहरीला पदार्थ खाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।

कुछ समय पहले उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था, जिसमें वे कथित तौर पर एक समाज के ऊपर टिप्पणी करते हुए नजर आ रहे थे। वीडियो वायरल होने के बाद विभाग ने उन्हें सस्पेंड कर दिया था।

अब उनकी बेटी नीति तंवर ने दावा किया है कि वीडियो असली नहीं था, बल्कि कुछ लोगों ने उनके पिता को अपने पास बैठाकर मजाक में कुछ बातें बुलवाईं और बाद में रिकॉर्डिंग को एडिट कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। बेटी ने चार लोगों पर पिता को परेशान करने का आरोप लगाया है।


रिटायरमेंट के दिन घर से निकले, वापस नहीं लौटे

मृतक की बेटी नीति तंवर ने बताया कि उनके पिता जीतूराम तंवर आज 58 साल के हो चुके थे और सोमवार को ही उनकी रिटायरमेंट थी। वह काफी समय से परेशान चल रहे थे। सुबह वह घर से यह कहकर निकले थे कि अपनी आखिरी चिट्ठी देकर आते हैं। इसके बाद वे घर वापस नहीं लौटे। परिवार के लोगों ने उन्हें तलाश करना शुरू किया तो उनकी गाड़ी डीएवी स्कूल के बाहर खड़ी मिली।

नीति ने बताया कि उनके पिता गाड़ी की पिछली सीट पर पड़े थे। उन्होंने पिता को उठाने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। उनके मुंह से झाग निकल रहा था। इसके बाद परिवार उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।


बेटी बोली-वीडियो को एडिट कर फैलाया गया
नीति तंवर ने कहा कि उनके पिता का जो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, वह वास्तविक नहीं था। कुछ लोगों ने उन्हें अपने पास बैठाकर जॉक्स यानी मजाक की बातें बुलवाई थीं। बाद में उन बातों की रिकॉर्डिंग कर उसमें एडिटिंग की गई और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। इससे पूरे समाज को उनके परिवार के खिलाफ खड़ा कर दिया गया। उन्होंने बताया कि वीडियो वायरल होने के बाद उनके पिता ने सार्वजनिक रूप से माफी भी मांगी थी। उन्होंने साफ कहा था कि उनका 36 बिरादरी के लोगों के साथ भाईचारा है। इसके बावजूद मामला शांत नहीं हुआ और विभाग ने उन्हें सस्पेंड कर दिया।


विभाग को लिखे कई पत्र, कार्रवाई नहीं होने का आरोप

बेटी ने आरोप लगाया कि उनके पिता ने विभाग को कई पत्र लिखकर अपने साथ हो रही परेशानी के बारे में बताया और न्याय की गुहार लगाई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। नीति ने कहा कि पिता की ओर से लिखे गए सभी पत्र उन्होंने खुद तैयार किए थे।उन्होंने बताया कि पिछले कुछ समय से उनके पिता परिवार को विभाग से जुड़ी ऐसी जानकारियां भी दे रहे थे, जो वह पहले कभी साझा नहीं करते थे। वे बताते थे कि कौन सी फाइल कहां रखी है और किस मामले में क्या जानकारी है। सोमवार सुबह घर से निकलते समय भी उन्होंने कहा था कि वह अपनी आखिरी चिट्ठी देकर आते हैं।


बेटी का आरोप- चार अफसरों से परेशान थे पिता
 नीति तंवर ने आरोप लगाया कि चार लोग उनके पिता के खिलाफ थे। नीति ने कहा कि उनके पिता जब से सोनीपत आए थे, तभी से परेशान चल रहे थे। उन्होंने करीब तीन साल सोनीपत में नौकरी की और इस दौरान लगातार मानसिक परेशानी में रहे। मृतक के परिजनों ने पुलिस को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू करदी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल सकेगा।