कवि सूरजभान वुशु स्पोर्ट्स अकादमी की सलमा ने जीता स्वर्ण

 
कवि सूरजभान वुशु स्पोर्ट्स अकादमी की सलमा ने जीता स्वर्ण

भिवानी :

बीते 8 और 9 नवंबर को झज्जर में आयोजित हुई 7वीं हरियाणा स्टेट जू-जितसू चैंपियनशिप-2025 में युवा खिलाड़ी सलमा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 48 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।

सलमा, कवि सूरजभान वुशु स्पोर्ट्स अकादमी की होनहार खिलाड़ी हैं, और उनकी इस उपलब्धि पर अकादमी व पूरे जिले में खुशी का माहौल है। स्वर्ण पदक जीतने के बाद खिलाड़ी सलमा ने अपनी सफलता का श्रेय पूरी विनम्रता के साथ अपने परिवार और कोच को दिया।

सलमा ने कहा कि उनकी इस उपलब्धि के पीछे उनके पिता खुर्शीद अली और माता जन्नत खान का अटूट समर्थन है। इसके साथ ही उन्होंने अपने कोच भारत सूरजभान के मार्गदर्शन को निर्णायक बताया। सलमा ने कहा कि इन्ही के सहयोग व मार्गदर्शन में मैं आज इस मुकाम को हासिल कर पाई हूँ।

उनका विश्वास ही मेरी सबसे बड़ी ताकत है। सलमा की इस शानदार जीत पर उनके कोच सूरजभान ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि यह केवल शुरुआत है। उन्होंने बताया कि स्टेट चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने के बाद, सलमा का चयन राष्ट्रीय जू-जितसू चैंपियनशिप के लिए हो गया है।

कोच सूरजभान ने बताया कि सलमा अब 19 से 23 दिसंबर तक उत्तराखंड के हलद्वानी स्थित आईजीआई स्पोर्ट्स स्टेडियम में होने वाली राष्ट्रीय जू-जितसू चैंपियनशिप में हरियाणा का प्रतिनिधित्व करेंगी तथा उन्हे पूरा विश्वास है कि सलमा अपनी कड़ी मेहनत और लगन से राष्ट्रीय स्तर पर भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए पदक जीतेगी और अकादमी के साथ-साथ प्रदेश का नाम भी रोशन करेगी।

राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करने के लिए, कोच सूरजभान ने सलमा के प्रशिक्षण कायक्रम को और सघन कर दिया है।  इस अवसर पर अनेक खेलप्रेमियों ने सलमा की उपलब्धि की सराहना की।