किसान सभा ने किसान पर मुकदमा दर्ज करवाने के विरोध में किया प्रदर्शन
भिवानी:
अखिल भारतीय किसान सभा भिवानी व ग्रामीणों ने गांव प्रहलादगढ़ के एक किसान रमेश यादव के विरुद्ध टावर कंपनी एनआरएस एसट्रांसमिशन लिमिटिड द्वारा पुलिस मुकदमा दर्ज करवाने की कार्यवाही की निंदा की है तथा उसके विरोध में प्रदर्शन करके शनिवार को गांव के खेतों में निर्माणाधीन टावर के पास प्रात: 11 बजे बड़ी किसान महापंचायत बुलाने का का निर्णय लिया है।
किसान सभा के जिला प्रधान रामफल देशवाल, उपप्रधान कामरेड ओमप्रकाश व ब्लाक सचिव करतार ग्रेवाल व अन्य साथी प्रहलादगढ़ गांव के खेतों में कंपनी निर्माणाधीन टावर के पास जाकर पूरी स्थिति का जायजा लिया तथा पता लगाया कि किसान रमेश यादव अपने खेत में ट्रेक्टर से खेत जोत रहा था।
वही दूसरी तरफ कंपनी के कर्मचारी मजदूर एक बड़े टावर को खड़ा कर रहे थे, अचानक एक कमजोर रस्सा टूटने से वह टावर के पाईप नीचे गिर गए।
कंपनी के कर्मचारियों ने इसके लिए उस खेत जोत रहे किसान को जिम्मेवार ठहरा कम उसकी पिटाई कर दी। उसका मोबाईल छीन लिया तथा ट्रैक्टर की चाबी छीन ली। बाद में गांव के एक नंबरदार ने किसान की छीनी हुई चाबियां व मोबाईल वापिस दिलवाया तथा किसान अपनी चोट का इलाज करवाने नागरिक अस्पताल में भर्ती हो गया।
कंपनी के अधिकारियों ने उक्त किसान के विरुद्ध सदर थाना भिवानी में रिपोर्ट देकर उनके कथित तौर पर सवा करोड़ रुपये का हुए नुकसान की जिम्मेवारी उस किसान पर डालने की शिकायत कर दी।
उधर किसान का यह कहना है कि वह अपने ट्रेक्टर से जमीन जोत रहा था, उसे नहीं मालूम कि कब कैसे टावर के लिए कसा हुआ रस्सा टूटा है। कंपनी अपनी गलती को उसके सिर मंढऩा चाहती है, उसका कोई कसूर नहीं है। उसने मुआवजे के लिए एस डी एम कोर्ट भिवानी में कंपनी व अपने भाई के विरुद्ध न्याय हेतु मामला दर्ज करवा रखा है और कंपनी जबरदस्ती उसके खेत में बगैर मुआवजा दिए टावर खड़ा कर रही है।
किसान संगठनों ने कम्पनी को आगाह किया है कि उसके रस्से पुराने व कमजोर थे। जिन पर कर्मचारियों ने ध्यान नहीं दिया और वे अपना कसूर किसान के माथे मंढना चाहते है। यदि पुलिस प्रशासन ने कंपनी की शह पर किसान को बिना वजह गिरफ्तार किया तो वे इस गिरफ्तारी का विरोध करेंगे और किसान पर हर्जाना डालना बर्दाश्त नहीं करेंगे।
किसान नेताओं ने वहां उपस्थित कंपनी अधिकारियों से बात की है कि यदि कंपनी किसान को गिरफ्तार करवाने व इतना बड़ा जुर्माना लगवाने की कोशिश करेगी तो वे शांति पूर्ण तरीके से कंपनी की इस मनमानी का विरोध करेंगे। यदि कम्पनी जोर जबरदस्ती करती है तो यह उसकी जिम्मेवारी होगी। इस सम्बन्ध कल शनिवार को किसान महापंचायत में फैसला लिया जाएगा।
प्रदर्शन में किसान सभा ब्लाक भिवानी प्रधान संतोष देशवाल, कोषाध्यक्ष प्रताप सिंह सिंहमार, ग्रामीण प्रमोद यादव, भागीरथ, कृष्ण, सतबीर, वीरेन्द्र नंबरदार, महेन्द्र यादव, राजपाल, नरेंद्र, संजय, सतबीर, शान्ति देवी, तिरपता देवी, कौशल्या, सुमन, सतपाल प्रजापत व सुुशीला देवी शामिल रहे।

