जरूरतमंद महिलाओं के जीवन में खुशहाली लाएगी लाडो लक्ष्मी योजना : श्रुति चौधरी
भिवानी।
महिला एवं बाल विकास तथा सिंचाई जल संसाधन मंत्री श्रुति चौधरी ने कहा है कि लाडो लक्ष्मी योजना जरूरतमंद महिलाओं के जीवन में खुशहाली लाएगी।
इससे गरीब परिवारों की महिलाओं को सीधा लाभ होगा।
प्रदेश सरकार महिलाओं के जीवन उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। लाडो लक्ष्मी योजना लागू करना मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का बड़ा ही सराहनीय निर्णय है। श्रुति चौधरी ने कहा है कि पंडित दीन दयाल उपाध्याय की जयंती पर 25 सितंबर 2025 से इस योजना का शुभारम्भ होगा।
इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 2100 रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी। 25 सितंबर 2025 को हरियाणा की 23 वर्ष आयु या उससे अधिक आयु की महिलाओं को इस योजना का लाभ मिलेगा। इसमें विवाहित और अविवाहित दोनों ही तरह की महिलाओं को लाभ मिलेगा। पहले चरण में, उन परिवारों को शामिल किया गया है, जिनकी पारिवारिक वार्षिक आय एक लाख रुपये से कम है।
उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा लिए गए निर्णय के अनुसार आने वाले समय में, चरणबद्ध तरीके से अन्य आय समूह को भी इस योजना में शामिल किया जाएगा।
योजना का लाभ लेने के लिए अविवाहित महिला का या विवाहित महिला के पति हरियाणा में पिछले 15 साल से मूल निवासी होंने चाहिए। इस योजना के तहत एक परिवार में महिलाओं की संख्या पर कोई प्रतिबंध नहीं है। यदि एक परिवार में 3 महिलाएं हैं, तो उन तीनों महिलाओं को लाभ मिलेगा।
उन्होंने बताया कि जिस दिन कोई अविवाहित लाभार्थी 45 वर्ष की आयु पूरा करेगी, उस दिन वे ऑटोमैटिक विधवा और निराश्रित महिला को वित्तीय सहायता योजना के लिए पात्र हों जाएंगी। जिस दिन लाभार्थी महिला 60 वर्ष की आयु की होगी, उस दिन वे ऑटोमैटिक वृद्धावस्था सम्मान भत्ता पेंशन योजना के लिए पात्र हो जाएगी। पहले चरण में लगभग 19-20 लाख महिलाओं को इस योजना का लाभ मिलेगा।
उन्होंने बताया कि आने वाले 6 या 7 दिनों में सरकार द्वारा न केवल योजना का गजट नोटिफिकेशन कर दिया जाएगा बल्कि एक ऐप भी लॉन्च की जाएगी। इस ऐप के जरिए पात्र लाभार्थी महिलाएं घर बैठे ही इस योजना के लिए आवेदन कर सकती हैं। हर संभावित पात्र महिला को एसएमएस जाएगा कि आप उस ऐप पर आवेदन कर दें। सभी पात्र महिलाओं की सूची सभी पंचायत और वार्डों में प्रकाशित की जाएगी। सभी ग्राम सभाओं और वार्ड सभाओं को सूची पर कोई भी आपत्ति दर्ज करने का अधिकार होगा।

