भिवानी में लेडी टीचर की गर्दन काटकर हत्या
भिवानी में स्कूल की लेडी टीचर की गर्दन काटकर हत्या कर दी गई। उसकी लाश लोहारू के सिंघानी गांव में नहर के पास खेतों में पड़ी मिली। वह 2 दिन से लापता थी।
ग्रामीणों ने लाश देखकर घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर DSP संजीव कुमार और फोरेंसिक टीम पहुंची।
मृतका की पहचान ढाणी लक्ष्मण गांव की रहने वाले मनीषा (19) के रूप में हुई है। वह 11 अगस्त को लापता हुई थी। सूचना मिलते ही टीचर के परिजन भी मौके पर पहुंच गए और सिंघानी गांव के बस अड्डे पर जाम लगा दिया। उन्होंने कहा कि जब तक आरोपी नहीं पकड़े जाएंगे, हम शव नहीं लेंगे। DSP संजीव कुमार लोगों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं।
मनीषा के पिता संजय ने कहा कि मेरी बेटी मनीषा प्ले स्कूल में पढ़ाती थी। 11 अगस्त को 2 बजे के बाद लापता हुई। वह घर नहीं आई तो मुझे शक यह हुआ। 6 बजकर 26 मिनट पर मेरे पास फोन आया। मैं लोहारू में प्राइवेट नौकरी करता हूं। इसके बाद शाम को करीब 7 बजे बस में सवार होकर सिंघानी पहुंचा। यहां आकर मैंने डायल 112 पर सूचना दी।
पिता ने आगे बताया कि कुछ देर बाद डायल 112 की टीम यहां पर आई है। इसके बाद पुलिस ने उनका सहयोग किया। ढूंढते हुए पास के कॉलेज में पहुंचे तो वहां 3 व्यक्ति थे। उनसे पूछा कि मनीषा नाम की कोई लड़की आई है क्या? उन लोगों ने जवाब दिया कि कोई लड़की नहीं आई। हमारा तो कॉलेज एक बजे से बंद है। उन्होंने शराब पी रखी थी। मेरी बेटी को न्याय दिलाया जाए।

