मोरनी हिल्स में लैंडस्लाइड, मेन रोड बंद

 
 
मोरनी हिल्स में लैंडस्लाइड, मेन रोड बंद

हरियाणा में आज हल्की से मध्यम बारिश का अलर्ट है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के चंडीगढ़ मौसम केंद्र ने पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर में बारिश का अलर्ट जारी किया है।

इसी बीच पंचकूला में मोरनी हिल्स में बुधवार सुबह लगातार बारिश से लैंडस्लाइड हो गया। जिससे रायपुर रानी से मोरनी की ओर जाने वाली मेन रोड बंद हो गई। लैंडस्लाइड के कारण सड़क पर पेड़ गिर गए और भारी मात्रा में पत्थर और मिट्टी जमा हो गई है। जिससे पैदल रास्ता तक नहीं बचा है। इससे पहले मोरनी से बड़ी शेर को जोड़ने वाली रोड पर भी लैंडस्लाइड हो चुका है।

इसके अलावा मोरनी हिल्स से गुजरती कोटी नदी का जलस्तर भी बढ़ गया है। इसमें हिमाचल में हो रही बारिश का पानी आ रहा है। वहीं अंबाला में बारिश के बाद दलदल हुई सड़क में इनोवा धंस गई। जिसे निकालने के लिए क्रेन बुलानी पड़ी।

वहीं, चंडीगढ़-मनाली फोरलेन पर मंडी के पंडोह के साथ दवाड़ा में बीती रात को लैंडस्लाइड हो गया। पहाड़ी से सड़क पर बड़ी-बड़ी चट्टानें आ गई। इसके बाद सड़क पूरी तरह से बंद है और सैकड़ों वाहन रात से ही जाम में फंसे हुए हैं।

वहीं मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में 7 अगस्त से बरसात में कमी देखने को मिलेगी। अब तक इस मानसून सीजन में यमुनानगर जिले में सबसे अधिक और कैथल में सबसे कम बारिश हुई है।