जमीनी विवाद में LIC एजेंट की पीट-पीटकर हत्या

 
जमीनी विवाद में LIC एजेंट की पीट-पीटकर हत्या

हरियाणा के रेवाड़ी में जमीनी विवाद में एक LIC एजेंट की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। गांव के करीब 18-20 लोगों ने उसके सिर पर लाठी-डंडों से हमला किया। हाथ-पैर पर धारदार हथियार से कई वार किए। इसके साथ कई महिलाएं भी शामिल थी।

आरोपियों ने इसके बाद एलआईसी एजेंट महेश के शव को घसीटते हुए घर के बाहर फेंक दिया। पुलिस आने के बाद आरोपी परिवार को धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घटना में एक महिला समेत 3 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी का सिविल अस्पताल में इलाज चल रहा है।

मामला गांव की 12 कनाल जमीन से जुड़ा है। जो अभी कोर्ट में विचाराधीन है। थाना प्रभारी का कहना है कि 19 लोगों के खिलाफ नामजद केस दर्ज कर लिया है। आरोपियों की पकड़ के लिए पुलिस टीम का गठन किया गया है। 

रेवाड़ी के नैनसुखपुरा में एलआईसी एजेंट महेश (53) पर पड़ोसियों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। परिजनों ने बताया कि आरोपी करीब 18-20 लोग थे। सभी के हाथों में धारदार हथियार और लाठी-डंडे थे। मामूली कहासुनी के बाद आरोपियों ने महेश पर हमला कर दिया। उसे बचाने आई घर की एक महिला भी घायल हो गई। उनके साथ 2 अन्य लोगों को भी गंभीर चोटें आई हैं। सभी को रेवाड़ी में सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मृतक के चचेरे भाई दिनेश कुमार ने बताया कि मामला कोर्ट में भी विचाराधीन है। एक साल पहले भी इसी विवाद को लेकर एक वारदात हो चुकी है। हमलावरों के साथ कई महिलाएं भी थीं। दिनेश के अनुसार, आरोपियों ने महेश को मारने के बाद शव के पैर पकड़कर घर से बाहर तक घसीटा। महेश के एक लड़का और एक लड़की है, दोनों अभी अविवाहित है। जब तक सभी आरोपी गिरफ्तार नहीं हो जाते, तब तक वे महेश का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे।

जाटूसान थाना प्रभारी भगवत प्रसाद ने बताया कि यह वारदात जमीनी विवाद के कारण हुई है। पीड़ित पक्ष ने 19 लोगों के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई है। उनके खिलाफ हत्या सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें छापेमारी कर रही हैं।