Haryana Farmers Accident: गोविंदपुरा में खेतीबाड़ी के दौरान हुआ हादसा, लोहारू उप नागरिक अस्पताल में घोषित मृत

 
Badhra police station investigation

लोहारू। खेतों में दिन-रात कड़ी मेहनत कर परिवार का पेट पालने वाले 42 वर्षीय किसान धर्मबीर के लिए शनिवार का दिन काल बनकर आया। गोविंदपुरा गांव में खेत में कृषि कार्य करते समय फव्वारा पाइप ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली की तारों के संपर्क में आ गया। बिजली की भयंकर चपेट में आने से किसान धर्मबीर मौके पर ही गिर पड़ा। परिजन आनन-फानन में उसे लोहारू के उप नागरिक अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

🚑 चार अविवाहित बच्चों के सिर से उठा पिता का साया: बाढड़ा पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव

मृतक धर्मबीर चार भाइयों में सबसे छोटा था और खेतीबाड़ी के जरिए ही अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। वह अपने पीछे पत्नी और चार अविवाहित बच्चों (एक बेटा और तीन बेटियां) को छोड़ गया है। घर के इकलौते कमाऊ सदस्य की असामयिक मौत से परिवार पर आजीविका का बड़ा संकट खड़ा हो गया है। सूचना मिलने पर बाढड़ा पुलिस थाना से जांच अधिकारी सहायक उपनिरीक्षक चंद्रभान अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने मृतक के बड़े भाई कृष्ण के बयानों के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।