पर्यावरण प्रहरी लोकराम नेहरा के 42वें जन्मदिन पर रोपे गए फलदार पौधे, बाल संरक्षण आयोग की चेयरपर्सन का हुआ सम्मान
जन्मदिन पर पौधारोपण से बेहतर कोई उपहार नहीं : चेयरपर्सन तृप्ति श्योराण
Jun 8, 2026, 15:02 IST
भिवानी, 08 जून : भावी पीढ़ी को शुद्ध हवा और हरा-भरा पर्यावरण सौंपने के संकल्प के साथ कस्बा लोहारू के गांव झुम्पा कलां में एक सराहनीय पहल देखने को मिली। पर्यावरण प्रहरी लोकराम नेहरा के 42वें जन्मदिन के शुभ अवसर पर गाँव में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम हरियाणा राज्य बाल संरक्षण आयोग की चेयरपर्सन तृप्ति श्योराण के गरिमामयी नेतृत्व तथा पर्यावरणविद् त्रिवेणी बाबा के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। इस उत्सव को केवल औपचारिकता न बनाकर पर्यावरण चेतना से जोड़ा गया, जिसके तहत कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रजातियों के 7 फलदार पौधे रोपे गए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचने पर गांव गागड़वास की बेटी बाल संरक्षण आयोग की चेयरपर्सन तृप्ति श्योराण का ग्रामीणों और पर्यावरण प्रेमियों द्वारा पगड़ी पहनाकर जोरदार स्वागत एवं नागरिक अभिनंदन किया गया। पौधारोपण के दौरान चेयरपर्सन तृप्ति श्योराण ने कहा कि आज के दौर में जब वैश्विक स्तर पर पर्यावरण असंतुलन एक बड़ी चुनौती बना हुआ है, तब लोकराम नेहरा जैसे सजग नागरिक समाज के लिए एक प्रकाश स्तंभ का काम कर रहे हैं। अपने जन्मदिन पर केक काटने या फिजूलखर्ची करने के बजाय प्रकृति को फलदार पौधे समर्पित करना एक बेहद सकारात्मक और अनुकरणीय सोच है। यदि आज हम पौधे लगाएंगे, तभी हमारी आने वाली पीढ़ी को स्वच्छ हवा, छाया और शुद्ध फल मिल सकेंगे। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण प्रहरी लोकराम नेहरा ने मुख्य अतिथि तृप्ति श्योराण को स्मृति चिह्न और शॉल भेंट कर उनका विशेष सम्मान किया। नेहरा ने कह कि चेयरपर्सन का हमारे छोटे से गांव झुम्पा कलां में आना और पर्यावरण की इस मुहिम का नेतृत्व करना यह दर्शाता है कि वे न केवल बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के प्रति गंभीर हैं, बल्कि पर्यावरण सुधार के प्रति भी बेहद संवेदनशील हैं। नेहरा ने कहा कि आज उनके हाथों से जो फलदार पौधे रोपे गए हैं, हम ग्रामीण मिलकर यह सुनिश्चित करेंगे कि ये पौधे बड़े होकर वृक्ष बनें और समाज को अपना योगदान दें। मैडम तृप्ति श्योराण जी के इस स्नेह और मार्गदर्शन के लिए मैं और पूरा गांव उनका सदैव आभारी रहेगा। ग्रामीणों ने संकल्प लिया कि वे न केवल इन 7 फलदार पौधों की देखभाल करेंगे, बल्कि आने वाले मानूसन के सीजन में पूरे क्षेत्र को हरा-भरा बनाने के लिए बड़े स्तर पर अभियान चलाएंगे। इस अवसर पर सरपंच प्रतिनिधि मीरसिंह नंबरदार, सरपंच झुंपा खुर्द संजय श्योराण, रिटायर अधीक्षक दर्शनानन्द नेहरा, प्रो. अनिरुद्ध पूनिया, धर्मवीर श्योराण, ईश्वर सिंह श्योराण, महेंद्र सिंह श्योराण, निरीक्षक धनपत श्योराण, धीरज श्योराण, इंद्र सिंह गोठड़ा, सुबेदार होशियार सिंह, संतोष नेहरा, छनौ देवी सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।

