भिवानी पहुंचे श्री सिद्धेश्वर धाम के महंत चेतननाथ महाराज का आह्वान
भिवानी :
राजस्थान के झुंझुनू जिले के मुकुंदगढ़ स्थित प्रसिद्ध श्री सिद्धेश्वर धाम के पीठाधीश्वर महंत चेतननाथ महाराज का भिवानी आगमन हुआ।
अपने प्रवास के दौरान महंत चेतननाथ महाराज ने यहां चल रहे सामाजिक कार्यो का जायजा लिया और महात्मा ज्योतिबा फूले धर्मार्थ ट्रस्ट के पदाधिकारियों से विशेष मुलाकात की। उन्होंने ट्रस्ट द्वारा समाज सुधार की दिशा में किए जा रहे प्रयासों, विशेषकर नशा मुक्ति और पर्यावरण संरक्षण के कार्यों की मुक्त कंठ से सराहना की।
भिवानी पहुंचने पर महंत चेतननाथ महाराज ने महात्मा ज्योतिबा फूले धर्मार्थ ट्रस्ट के अध्यक्ष रमेश सैनी, महासचिव विजय सिंहमार और उपाध्यक्ष रिंकू ख्यालीराम के साथ विस्तृत चर्चा की। बातचीत के दौरान ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने महंत को संस्था द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न जागरूकता अभियानों की जानकारी दी।
महंत जी ने इन प्रयासों को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया। उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए महंत चेतननाथ महाराज ने एक महत्वपूर्ण संदेश दिया। उन्होंने कहा कि एक स्वर्णिम और सशक्त राष्ट्र की परिकल्पना तभी साकार हो सकती है, जब हमारा समाज नशा जैसी भयानक सामाजिक बुराई को हमेशा के लिए अलविदा कह दे।
युवा पीढ़ी को नशे के अंधकार से निकालकर रचनात्मक कार्यों से जोडऩा ही सच्ची राष्ट्र सेवा है। महंत ने पर्यावरण के गिरते स्तर पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि केवल नशा मुक्ति ही नहीं, बल्कि पर्यावरण को बचाना भी आज के समय की सबसे बड़ी मांग है।
उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण और जल संरक्षण जैसे कार्यों को हमें अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना होगा। महंत चेतननाथ महाराज ने ट्रस्ट के पदाधिकारियों और आमजन से आह्वान किया कि वे समाज सुधार के इन कार्यों में और अधिक तेजी लाएं। उन्होंने कहा कि जागरूकता की मशाल को घर-घर तक पहुँचाना होगा ताकि अन्य लोग भी प्रेरित होकर इस महायज्ञ में अपनी आहुति दे सकें।

