Agrwal Sabha Bhiwani Event News: मानव सेवा और समरसता का संदेश दे रहा अग्रवाल सभा का महोत्सव, अशोक बुवानीवाला रहे मौजूद
मानव जाति के कल्याण का एक जीवंत मार्गदर्शिका है महारा अग्रसेन का जीवन : प्रधान सुनील सर्राफ
युवा पीढ़ी को अपनी जड़ों, संस्कारों और महाराजा अग्रसेन की सोच से जोडऩा आवश्यक : सुनील सर्राफ
भिवानी, 24 सितंबर : श्री अग्रवाल सभा (रजि.) भिवानी के तत्वावधान में शहरभर में महाराजा अग्रसेन जयंती महोत्सव की धूम बनी हुई है। समाज कल्याण और जनसेवा के संकल्प के साथ शुरू हुए इस महोत्सव के तहत आगामी 21 अक्तूबर तक निरंतर विभिन्न सामाजिक व मानव सेवा के कार्य आयोजित किए जा रहे हैं। महाराजा अग्रसेन द्वारा दिखाए गए एक रुपया और एक ईंट के समानता, बंधुत्व और जनसेवा के मार्ग पर चलते हुए संस्था द्वारा समाज के हर वर्ग तक सहयोग पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। इसी कड़ी में स्थानीय दादरी गेट स्थित श्रीकृष्ण प्रणामी मंदिर में मानव सेवा प्रभु मिलन सहभोज कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्य में अग्रवाल वैश्य समाज भिवानी ने सहयोगी संस्था के रूप में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम का शुभारंभ बतौर मुख्यअतिथि पहुंचे अग्रवाल वैश्य समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक बुवानीवाला व श्री अग्रवाल सभा (रजि.) के प्रधान सुनील सर्राफ ने महाराजा अग्रसेन के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर एवं पुष्प-सुमन अर्पित करके किया। इसके पश्चात मंदिर परिसर में पधारे सभी प्रभुजनों का आदर-सत्कार किया गया और उनके साथ सामूहिक सहभोज का आयोजन हुआ। इस अवसर पर उपस्थित युवाओं को प्रभुजनों की सेवा तथा सहभोज के सांस्कृतिक व सामाजिक महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इस मौके पर श्री अग्रवाल सभा (रजि.) के प्रधान सुनील सर्राफ ने कहा कि महाराजा अग्रसेन का जीवन केवल एक इतिहास नहीं, बल्कि मानव जाति के कल्याण का एक जीवंत मार्गदर्शिका है। उन्होंने हमें सिखाया कि समाज में कोई भी व्यक्ति असहाय या भूखा न रहे।
आज के इस आधुनिक दौर में हमारी युवा पीढ़ी को अपनी जड़ों, संस्कारों और महाराजा अग्रसेन की अमर सोच से जोडऩा सबसे अधिक आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सहभोज केवल भोजन करने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह समाज से ऊंच-नीच, भेदभाव और असमानता को मिटाने का एक सशक्त जरिया है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से नई पीढ़ी में संस्कार और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना मजबूत होती है। इस अवसर पर अग्रवाल वैश्य समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक बुवानीवाला, सतीश वैद, प्रकाश मित्तल, महासचिव दीवाकर जैन,मनीष मैदावाला, मनीष वैद, रामअवतार गुप्ता, सुरेश कागजी, मनोज कुमार, अधिवक्ता आशीष मित्तल, राजेश गोलपुरिया सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।