तालाब की खोदाई में नर कंकाल मिले,लंबाई 8 से 10 फुट 

 
तालाब की खोदाई में नर कंकाल मिले,लंबाई 8 से 10 फुट 

जींद में रविवार को तालाब की खोदाई के समय नर कंकाल मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। यहां एक के बाद एक करीब 10 कंकाल मिले हैं। इनके साथ ही कुछ पुराने मटके भी मिल। इसके बाद खोदाई का काम रोक दिया गया।

खोदाई कर रहे लोगों का कहना है कि एक कंकाल की लंबाई करीब 8 फुट है। कंकाल के साथ मिला जबड़ा भी आम आदमी से काफी बड़ा है। इसकी जानकारी स्थानीय पुलिस को दे दी गई है। अब प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंचकर कार्रवाई कर रही है।

 जानकारी के मुताबिक, जींद में जुलाना क्षेत्र के गांव देवरड़ में मनरेगा के तहत तालाब के सौंदर्यीकरण का काम चल रहा है। तालाब को गहरा किया जाना है। इसमें करीब 85 मजदूर लगे हुए हैं। रविवार को मजदूर रोजाना की तरह काम में लगे हुए थे और तालाब की खोदाई में निकल रही मिट्‌टी को बाहर फेंक रहे थे।

इसी दौरान एक मजदूर को मिट्‌टी में हड्‌डी दिखाई दी। जब उस हड्‌डी को ठीक से देखा तो पता चला कि वह इंसान की हड्‌डी थी। उस मजदूर ने फौरन इसकी सूचना ठेकेदार को दी। इसके बाद उसी स्थान पर और खोदाई की गई तो लगातार हड्डियां मिलती चली गईं।

यह देखते हुए मजदूरों ने मौके पर काम बंद कर दिया और सभी एक जगह पर जमा होकर मिट्‌टी से निकल रहीं हड्डियों को ही देखते रहे। थोड़ी देर में वहां हड्डियों का ढेर लग गया। उसमें मानव शरीर के हर की हड्डियां थीं। इससे अंदाजा लगाया गया कि ये पूरे मानव कंकाल हैं। इनमें हाथ, पैर, छाती और खोपड़ी कि हड्डियां हैं।

नर कंकाल देखकर मजदूर डर गए। इसकी सूचना ब्लॉक डेवलपमेंट एंड पंचायत ऑफिसर (BDPO) को दी। खोदाई में कुछ प्राचीन और टूटे-फूटे मटके भी मिले हैं। इन सभी चीजों को मजदूरों ने एक स्थान पर जमा कर दिया है।

मजदूरों ने बताया है कि एक नर कंकाल की लंबाई करीब 8 से 10 फुट होगी। खोदाई में मिले मानव जबड़े भी मिले हैं, जिनका साइज आम आदमी के जबड़े से काफी बड़ा है। उन्होंने अंदाजा लगाया है कि ये नर कंकाल करीब दो सौ साल पुराने हो सकते हैं। हालांकि, इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं है। मौके पर पुरातत्व विभाग या दूसरे किसी विशेषज्ञ की सोमवार को पहुंचने की संभावना है।