गुरुग्राम में छेड़खानी के विरोध में युवक की हत्या

 
गुरुग्राम में छेड़खानी के विरोध में युवक की हत्या

गुरुग्राम के घाटा गांव में एक 25 वर्षीय युवक की नुकीले हथियार से वार कर हत्या कर दी। विवाद घर में घुस कर युवती से छेड़छाड़ के विरोध पर हुआ था।

पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सेक्टर 56 थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार आरोपी की तलाश में छापेमारी कर रही है।

जानकारी अनुसार, मृतक की पहचान राजदेव कुमार के तौर पर हुई है। वह मूल रूप से बिहार के सहरसा जिले का रहने वाला था और कई सालों से घाटा गांव में परिवार के साथ रह रहा था। पुलिस के अनुसार दो दिन पहले राजदेव का बॉबी नाम के युवक के साथ झगड़ा हुआ था।

जीजा की बहन के पास पहुंचा था

बताया जा रहा है कि दो दिन पहले आरोपी बॉबी राजदेव के जीजा की बहन के कमरे में घुस गया था और छेड़खानी का प्रयास किया था। जिस पर उन्होंने बॉबी को पकड़ लिया था और मारपीट कर भगा दिया था। इसी रंजिश के चलते आरोपी ने राजदेव से बदला लेने की योजना बनाई।

काम से लौटते समय हमला किया

रविवार रात को जब राजदेव अपने काम से लौट रहा था तो घाटा सब्जी मंडी के पास उसने राजदेव को पकड़ लिया और उसकी छाती में नुकीले हथियार से वार करने शुरू कर दिए। कई वार करके आरोपी मौके से भाग गया। राहगीरों ने राजदेव के परिवार वालों को सूचना दी और उसे अस्पताल में भिजवाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के मुताबिक राजदेव परिवार के साथ घाटा गांव की झुग्गियों में रहता था। वहीं पर उसकी बहन और जीजा भी रहते हैं। जो उसकी बहन भी उसके पास ही रहने के लिए आई थी।

आरोपी की पहचान हुई

सेक्टर 56 थाना एसएचओ विनोद ने बताया कि आरोपी की पहचान कर ली गई है। जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा। फिलहाल शव का पोस्टमॉर्टम करवाया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में झगड़े को हत्या का कारण माना जा रहा है, लेकिन अभी तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।