मनीषा का 9वें दिन अंतिम संस्कार, छोटे भाई ने दी मुखाग्नि

 
मनीषा का 9वें दिन अंतिम संस्कार, छोटे भाई ने दी मुखाग्नि

भिवानी की लेडी टीचर मनीषा का गुरुवार को 9वें दिन अंतिम संस्कार कर दिया गया। मनीषा को उनके छोटे भाई नितेश (13) ने मुखाग्नि दी। इस दौरान पिता संजय फूट-फूट कर रोए। इसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई। उन्हें अस्पताल ले जाना पड़ा।

मनीषा के शव को गुरुवार सुबह 8 बजे भिवानी के सिविल अस्पताल से सीधा गांव ढाणी लक्ष्मण के श्मशान घाट लाया गया। इस दौरान काफी संख्या में ग्रामीण मनीषा को अंतिम विदाई देने पहुंचे। उन्होंने मनीषा अमर रहे के नारे भी लगाए। अंतिम संस्कार को लेकर गांव में पुलिस तैनात रही। इसके साथ रैपिड एक्शन फोर्स भी मौजूद रही। पुलिस ने बंद रास्तों को JCB के जरिए खुलवाया। 

हालांकि सरकार को अभी भी भिवानी में लॉ एंड ऑर्डर का मुद्दा लग रहा है, जिस वजह से भिवानी में इंटरनेट बैन को 22 अगस्त सुबह 11 बजे तक के लिए बढ़ा दिया गया है। पहले यह 19 अगस्त की सुबह 11 बजे से 21 अगस्त की सुबह 11 बजे तक के लिए बंद किया गया था। वहीं चरखी दादरी से इंटरनेट बैन हटा लिया गया है।

बता दें कि मनीषा 11 अगस्त को घर से निकली थी। 13 अगस्त को उसकी लाश मिली थी। जिसके बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई। पुलिस ने मनीषा का पहला पोस्टमॉर्टम भिवानी के सिविल अस्पताल में कराया। मगर, परिजनों ने लाश लेने से इनकार कर दिया।

उन्होंने मनीषा की हत्या की आशंका जताई। उन्होंने पुलिस पर आरोप भी लगाया कि गुमशुदगी की शिकायत पर पुलिस ने कहा था कि बेटी घर से भाग गई, 2 दिन में आ जाएगी।