अखिल भारतीय किसान सभा की बैठक आयोजित 

 
अखिल भारतीय किसान सभा की बैठक आयोजित 

भिवानी :

अखिल भारतीय किसान सभा भिवानी की जिला कमेटी की बैठक ओबरा गांव में  जिला प्रधान रामफल देशवाल की अध्यक्षता में हुई तथा बैठक का संचालन सभा के जिला सचिव मास्टर जगरोशन ने किया।

बैठक में हालही में आई बाढ़, जलभराव व निकासी खरीफ फसल बर्बादी, मंडियों में बाजरा, कपास, मूंग व धान की सरकारी खरीद नहीं होना, किसानों को डीएपी खाद न मिलना, ट्यूवैल कन्केशन पैंडिग, 350 करोड़ रुपये बीमा फ्राड की जांच ना होना, बर्बाद फसलों का न्यायोचित मुआवजे का मुद्दा, मजदूरों को मनरेगा के तहत 200 दिन का काम लगवाना आदि मुद्दे छाए रहे।
     बैठक के बाद किसान सभा के जिला सचिव मास्टर जगरोशन ने बताया और आरोप लगाया कि उपरोक्त मुद्दो के समाधान को लेकर जिला प्रशासन व सरकार कतई गंभीर नहीं है। बल्कि इस संकट की घड़ी में वे किसान मजदूरों की भारी उपेक्षा कर रहे है। उन्होंने राज्य सरकार पर आरोप लगाया कि वह  घोषणा के अनुरूप उपरोक्त जिन्सों की सरकारी खरीद ना करके किसानों को लुटवा रही है।

जलभराव की निकासी नहीं करवा रही है और बर्बाद फसलों का प्रति एकड़ 50 हजार रुपया मुआवजा भी नहीं दे रही है। बाढ़ जलभराव से पीडि़त लोगों को हुए जान-माल के हुए नुकसान की भरपाई नहीं कर रही है। रबी फसल बुआई हेतु खाद बीज के लिए किसान दर-दर की ठोकरें खा रहे है।

मजदूरों को फसल बर्बादी के बाद काम नहीं मिल रहा है। इन ज्वलंत मुद्दों के समाधान को  लेकर किसान सभा व सीटू मिलकर 16 अक्तूबर को बहरे  प्रशासन व राज्य सरकार को जगाने वास्ते जिला उपायुक्त कार्यालय भिवानी के सामने प्रात: 11 बजे प्रदर्शन करेंगे, जिसमें पूरे जिले से सैकड़ों किसान मजदूर व महिलांए शामिल होंगी।
     इस प्रदर्शन में अन्य किसान मजदूर संगठनों को भी आमंत्रित करने का निर्णय लिया है। इस अवसर पर बैठक में किसान सभा के जिला पदाधिकारी मास्टर उमराव सिंह, कामरेड ओमप्रकाश, दयानन्द पूनिया, सुबेदार धनपत ओबरा, डा. बलबीर ठाकन, कविता आर्य, संतोष देशवाल, अंतर कस्वा, रामकिशन भाकर, कर्ण सिंह जैनावास, नरेंद्र डाडम, राजेश कुंगड़, रामोतार बलियाली, हनुमान रोहिल्ला, निर्मल नाथूवास, करतार ग्रेवाल, हवा सिंह जांगड़ा, मीर सिंह ओबरा, एडवोकेट अशोक आर्य, रणधीर सिढ़ान, अश्वनी मिताथल, प्रताप सिंह सिंहमार सहित अन्य कई पदाधिकारी व जिला कमेटी सदस्य शामिल रहे।