राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ में छाए मिनी क्यूबा भिवानी के खिलाड़ी
भिवानी :
रोहतक में 2 से 4 अगस्त तक आयोजित हुए राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ में मिनी क्यूबा के नाम से मशहूर भिवानी के मुक्केबाजों ने एक बार फिर से अपने मुक्कों का दम दिखाते हुए तीन स्वर्ण, एक रजत व दो कांस्य पदक हासिल कर खेल नगरी भिवानी को गौरवांवित किया है।
पदक विजेता खिलाडिय़ों की उपलब्धि पर खेल प्रेमियों में खुशी है। यह जानकारी देते हुए भिवानी के जिला खेल अधिकारी सतेंद्र कुमार ने बताया कि 2 से 4 अगस्त तक आयोजित हुए राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ में भिवानी जिला से 10 मुक्केबाजों ने कोच राहुल के नेतृत्व में भाग लिया था।
इस प्रतियोगिता में 55 किलोग्राम भार वर्ग में रवीन, 80 किलोग्राम भार वर्ग में दक्ष तथा 85 किलोग्राम भार वर्ग में प्रिंस ने स्वर्ण पदक हासिल किया। वही 50 किलोग्राम भार वर्ग में साहिल ने रजत पदक हासिल किया। वही 65 किलोग्राम भार वर्ग में ऋतिक व 90 किलोग्राम से अधिक भार वर्ग में आशीष ने कांस्य पदक हासिल किया है। इसके अलावा ऑवर ऑल ट्रॉफी भिवानी के नाम रही।
उन्होंने बताया कि मिनी क्यूबा भिवानी के खिलाडिय़ों ने समय-समय पर विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन कर जिला व प्रदेश का नाम राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। उन्होंने कहा कि खिलाडिय़ों की यह उपलब्धि अन्य युवाओं को भी खेल के क्षेत्र में भागीदारी कर आगे बढऩे के लिए प्रेरित करेगी।
उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे खेलों में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें, ताकि समाज व राष्ट्र की तरक्की में अपना योगदान दे सकें। इस मौके पर कोच राहुल ने कहा कि आज युवा पीढ़ी में नशे का प्रचलन बढ़ता जा रहा है, जिसको खत्म करने के लिए खेल ही एकमात्र राह है। उन्होंने कहा कि खेलों की राह पर अग्रसर होकर युवा नशे जैसी सामाजिक बुराईयों से दूर रहकर अपना स्वर्णिम भविष्य का निर्माण कर सकते है।

