बवानीखेड़ा विधायक कपूर सिंह वाल्मीकि ने सुनीं बडेसरा के ग्रामीणों की समस्याएं
विधायक ने प्रजापति धर्मशाला के मरम्मत, पेयजल व गली समस्या के समाधान का दिया आश्वासन
जनता की सेवा और विकास हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता : विधायक कपूर सिंह वाल्मीकि
जनता की सेवा और विकास हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता : विधायक कपूर सिंह वाल्मीकि
May 18, 2026, 18:12 IST
भिवानी, 18 मई : क्षेत्र के चहुंमुखी विकास और जन-जन की समस्याओं के त्वरित निवारण के संकल्प के साथ बवानीखेड़ा से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक कपूर सिंह वाल्मीकि गांव बडेसरा पहुंचे। गांव की चौपाल पर आयोजित एक विशेष जनसभा के दौरान विधायक ने ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याओं को बेहद गंभीरता से सुना। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ ग्रामीण रामदिया मास्टर ने की। इस दौरान विधायक ने प्रजापति धर्मशाला में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में महिलाओं की भागीदारी भी सराहनीय रही, जिन्होंने विधायक को मिट्टी का मटका देकर सम्मानित किया। ग्रामीणों को संबोधित करते हुए विधायक कपूर सिंह वाल्मीकि ने कहा कि आप लोगों ने जो विश्वास मुझ पर जताया है, मैं उसे कभी कम नहीं होने दूंगा। गांव बडेसरा का विकास और यहां के नागरिकों को हर मूलभूत सुविधा उपलब्ध कराना मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंनें कहा कि प्रजापति समाज की धरोहर और आस्था के केंद्र, प्रजापति धर्मशाला का जीर्णोद्धार भी हमारी प्राथमिकताओं में शामिल है। सरकार का लक्ष्य समाज के हर वर्ग को साथ लेकर आगे बढऩा है। इस दौरान विधायक ने विशेष रूप से प्रजापति समाज की मांगों पर ध्यान केंद्रित किया। उन्होंने ग्रामीणों की मांग को स्वीकार करते हुए घोषणा की कि गांव की प्रजापति धर्मशाला की मरम्मत का कार्य बेहद जल्द शुरू करवाया जाएगा, ताकि समाज के लोगों को सामाजिक कार्यक्रमों के आयोजन में कोई असुविधा न हो। इसके साथ ही उन्होंने धर्मशाला के सामने वाली मुख्य गली को भी नए सिरे से पक्का और सुदृढ़ बनवाने का ठोस आश्वासन दिया। विधायक की इस घोषणा के बाद से पूरे समाज और ग्रामीणों में खुशी की लहर है। गांव में लंबे समय से चली आ रही पेयजल की किल्लत पर बोलते हुए विधायक कपूर सिंह वाल्मीकि ने कहा कि स्वच्छ और पर्याप्त पेयजल हर नागरिक का अधिकार है। उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि पानी की इस बड़ी समस्या का स्थायी समाधान ढूंढने के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों के साथ मिलकर एक ठोस योजना पर काम किया जा रहा है और जल्द ही ग्रामीणों को इस संकट से पूरी तरह निजात मिल जाएगी। इस दौरान गांव के सरपंच भूप सिंह, डा. हरी निवास, झांसी की रानी एक प्रेरणा समूह की प्रदेश अध्यक्ष प्रियंका प्रजापति, झांसी की रानी एक प्रेरणा समूह की जिला अध्यक्ष पारुल प्रजापति, सज्जन, लीलू, जेल प्रजापत, कृष्णा प्रजापत, मामन, भगत सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

