सांसद धर्मबीर सिंह ने रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को दिया आत्मनिर्भर भारत का संदेश

 
सांसद धर्मबीर सिंह ने रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को दिया आत्मनिर्भर भारत का संदेश

भिवानी :

भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र के सांसद चौ. धर्मबीर सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा चलाए जा रहे आत्मनिर्भर भारत अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए शुक्रवार को एक विशेष जनसंपर्क अभियान चलाया।

इस कड़ी में सांसद धर्मबीर सिंह भिवानी रेलवे जंक्शन पहुंचे, जहां उन्होंने यात्रियों से सीधा संवाद किया और उन्हें स्वदेशी अपनाने का संकल्प दिलाया।
      सांसद धर्मबीर सिंह ने रेलवे स्टेशन पर मौजूद यात्रियों और आम नागरिकों को स्वदेशी संकल्प पत्र (पैंफलेट) वितरित किए। इन पत्रकों के माध्यम से केंद्र और प्रदेश सरकार की उन नीतियों की जानकारी दी गई, जो भारत को आर्थिक रूप से सशक्त बना रही हैं। सांसद ने यात्रियों से आग्रह किया कि वे अपनी दैनिक दिनचर्या में अधिक से अधिक भारत में निर्मित वस्तुओं का ही उपयोग करें।
       यात्रियों को संबोधित करते हुए सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह ने एक भावुक अपील की। उन्होंने कहा कि हमें देश में बने सामान को बढ़ावा देना चाहिए। जब हम विदेशी वस्तुएं खरीदते हैं, तो हमारे देश का पैसा कई गुना होकर विदेशों में चला जाता है। इतिहास का हवाला देते हुए सांसद ने कहा कि एक समय था जब भारत को सोने की चिडिय़ा कहा जाता था, लेकिन तब यहां से कच्चा माल और खनिज संपदा लूटकर विदेश ले जाई गई।

अब आजादी के बाद देश के हर नागरिक, चाहे वह आम जनता हो या चुना हुआ प्रतिनिधि, सबकी यही सोच होनी चाहिए कि देश को आगे कैसे बढ़ाया जाए। उन्होंने जोर देकर कहा कि 2047 तक भारत को एक 'विकसित राष्ट्र बनाने के लिए स्वदेशी बनना अनिवार्य है।
     वितरित किए गए स्वदेशी संकल्प पत्र और हरियाणा सरकार के सूचना पत्रक में कई महत्वपूर्ण आंकड़ों और योजनाओं का जिक्र किया गया, जिसे सांसद ने लोगों के साथ साझा किया। इसमें रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता, डिजिटल क्रांति, युवाओं के लिए आईटी सक्षम युवा योजना 2024, एमएसएमई को बढ़ावा देने के लिए पद्मा योजना और महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए ड्रोन दीदी व लखपति दीदी जैसी योजनाओं की जानकारी दी गई।
      इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष वीरेंद्र कौशिक ने भी कहा कि रेलवे स्टेशन हो, बस स्टैंड हो या बाजार, हर जगह हमें स्वदेशी का विचार लेकर जाना है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश मेक इन इंडिया के तहत विनिर्माण का केंद्र बन रहा है और भिवानी के लोगों को भी इसमें अपना योगदान देना चाहिए।

इस मौके पर आत्मनिर्भर भारत अभियान की भिवानी जिला संयोजक रेखा राघव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आत्मनिर्भर भारत का संकल्प अब एक जन-आंदोलन का रूप ले चुका है। उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत को विश्वगुरु बनाने का रास्ता स्वावलंबन और स्वदेशी से होकर ही गुजरता है। रेखा राघव ने कहा कि हमें वोकल फॉर लोकल' के मंत्र को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना होगा।
      इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष ठाकुर विक्रम सिंह, शंकरलाल धूपड़, जिला महामंत्री रमेश पचेरवाल, जिला महामंत्री रेखा राघव, जिला उपाध्यक्ष प्रदीप प्रजापति, विशाल जीत सिंह, केके ग्रोवर, शालू अरोड़ा, राजेश जांगड़ा, अमित मेहता, ओबीसी मोर्चा जिला अध्यक्ष महेंद्र यादव, शिवराज बागड़ी, विशंबर अरोड़ा, सुभाष तंवर, संदीप यादव, जिला मीडिया प्रभारी राकेश मिश्रा, नत्थु तंवर, अभिषेक भारद्वाज, जितेंद्र पारशर, योगेंद्र सौपर्णा, धीरज सैनी, राजकुमार सैनी, पिंकी नागर अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।