भिवानी में सांसद ने ली सड़क सुरक्षा समिति की बैठक
भिवानी
लघु सचिवालय स्थित डीआरडीए सभागार में सांसद चौ. धर्मबीर सिंह की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में सांसद धर्मबीर सिंह ने सड़क निर्माण से संबंधित सभी विभागों के अधिकारियों को सड़कों पर बने गड्डों को तुरंत भरने के निर्देश दिए। अत्यधिक हादसों वाले स्थानों पर साइड बोर्ड लगवाएं ताकि सड़क हादसों में किसी की अकाल मौत ना हो।
सड़क हादसों में घायल व्यक्तियों को पीएम राहत योजना के तहत मिलने वाली 1.50 लाख रुपए तक के कैशलेस ईलाज की सुविधा का लाभ जिला में मिलना सुनिश्चित करें। बैठक में डीसी साहिल गुप्ता भी मौजूद रहे।
सांसद ने निर्देश देते हुए कहा कि पीएम राहत योजना बहुत ही महत्वाकांक्षी योजना है, जो सड़क हादसों में घायल व्यक्तियों के उपचार में बहुत बड़ी राहत देती है। सड़क हादसों की वजह से किसी की जान नहीं जानी चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि नेशनल और स्टेट हाईवे पर हादसों वाली जगहों पर चिह्नित करें। अत्यधिक सड़क हादसे होना चिंताजनक है। सड़क हादसे वाले संभावित क्षेत्रों की पहचान कर वहां पर साइन बोर्ड या स्पीड ब्रेकर बनाने के आवश्यक कदम उठाएं।
सांसद धर्मबीर सिंह ने कहा कि विशषतौर पर युवा वर्ग को यातायात नियमों के बारे में जागरूक करें। दुपहिया वाहनों के लिए लाइसेंस प्रशिक्षण के दौरान यातायात नियमों के प्रति जागरूकता लाई जाए, ताकि युवा वर्ग अत्यधिक स्पीड में या शराब का सेवन कर वाहन न चलाएं। अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्कूली वाहनों को सभी संबंधित विभाग संयुक्त रूप से चेक करें। स्कूली वाहनों में निर्धारित सीटों के ज्यादा बच्चे ना बैठें और बस के ऊपर सभी जरूरी सहायता नंबर अंकित हों। स्कूली बसों में सीसीटीवी कैमरे लगे होने चाहिए। स्कूली वाहन निर्धारित स्पीड में चलनी चाहिए।
समीक्षा बैठक के दौरान बताया कि जनवरी से मार्च तक जिला में 75 सड़क हादसे हुए। इन हादसों में 28 व्यक्तियों की जान जा चुकी है। जनवरी में 25 सड़क हादसों में 12 लोगों की, फरवरी में 21 हादसों में 8 लोगों की, मार्च में 28 सड़क हादसों में 8 लोगों की जान गई है।

