Mundhal Khurd Village Cleanliness Initiative: मुंढाल खुर्द पंचायत की अनूठी पहल, एडीसी ने जिले के अन्य बड़े गांवों से की स्वच्छता अपनाने की अपील

भिवानी के मुंढाल खुर्द गांव की स्वच्छता पहल से प्रेरित होकर एडीसी ने अन्य बड़े गांवों को भी सफाई कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए।
 
Bhivani rural sanitation

स्वच्छता के लिए मुंढाल खुर्द ग्राम पंचायत का अनुसरण करें अन्य बड़े गांव: एडीसी

जिले की अन्य 7500 से अधिक आबादी वाले 36 गांव भी स्वच्छता के लिए कार्य योजना बनाकर सफाई करवाएं

भिवानी, 24 सितंबर। एडीसी दीपक बाबू लाल करवा ने जिला के 7500 से अधिक आबादी वाली ग्राम पंचायतों से आह्वान करते हुए करते हुए कहा है कि गांव मुंढाल खुर्द की पंचायत ने गांव में सफाई के लिए बड़ी ही सार्थक पहल की है। गांव में कचरा संग्रह व प्रबंधन किया जा रहा है। अन्य ग्राम पंचायतों भी एक कार्ययोजना बनाकर अपने-अपने गांवों में स्वच्छता अभियान चलाएं ताकि उनके गांव निर्मल और स्वच्छ बनें। स्वच्छता केवल शासन-प्रशासन की ही नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

एडीसी एवं जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी दीपक बाबूलाल करवा ने जानकारी देते हुए बताया कि गांव मुंढाल खुर्द में सरपंच हर्षबीर सिंह के साथ-साथ गांव के गणमान्य लोग भी शामिल हो रहे हैं, जो कि बहुत ही सराहनीय कदम है। ग्राम पंचायत के अनुसार गांव में टै्रक्टर-ट्राली के माध्यम से कूड़ा संग्रहण किया जा रहा है। घर-घर से कचरा उठने से लोग अब बाहर या तालाबों में कूड़ा नहीं फेंकेंगे। इससे गांव के तालाबों को प्रदूषित होने और उनमें मिट्टी व प्लास्टिक जमा होने से बचाया जा सकेगा। ग्राम पंचायत द्वारा सभी ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है। लोगों को गीला कचरा, सूखा कचरा और अन्य तरह के कचरे को अलग-अलग श्रेणियों में रखने और कचरा संग्रहकर्ताओं को देने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

वहीं एडीसी ने बताया कि चयनित 36 ग्राम पंचायतों के सरपंचों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों का पूर्ण रूप से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। स्वच्छता का कार्य स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत ऑनलाइन आईएमआईएस पोर्टल पर शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि ग्रामीण विकास विभाग, हरियाणा के निर्देशानुसार 7500 या उससे अधिक आबादी वाली चयनित ग्राम पंचायतों में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए अभियान चलाया जा रहा है।