Namo Cricket League Bhiwani: भिवानी सुपर क्रिकेट क्लब बना नमो क्रिकेट लीग का चैंपियन, कैरू ड्रीम एकादश रही उपविजेता
56 टीमों के दंगल में भिवानी सुपर क्रिकेट क्लब बना चैंपियन
कैरू ड्रीम एकादश रही उपविजेता, विजेता टीम को 31 हजार व उपविजेता को 21 हजार रुपये का पुरस्कार
भिवानी, 24 सितंबर : सेवा संकल्प अभियान के तहत भिवानी के हांसी रोड़ स्थित आरपीएस खेल ग्राऊंड में आयोजित नमो क्रिकेट लीग चैम्पियनशिप के सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले गुरुवार को रोमांचक अंदाज में संपन्न हुए। जिला स्तरीय इस प्रतियोगिता में जिलेभर की 56 से अधिक टीमों ने भाग लिया। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य युवाओं को खेलों से जोडऩा और उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराई के प्रति जागरूक करना रहा। पूरे टूर्नामेंट के दौरान खिलाडिय़ों ने अपनी बल्लेबाजी और गेंदबाजी का शानदार प्रदर्शन करते हुए खेल भावना का परिचय दिया।
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर भिवानी विधायक घनश्याम सर्राफ मुख्य अतिथि रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता आरएसएस के विभाग संघ चालक सत्यनारायण मित्तल और समाजसेवी नंदकिशोर अग्रवाल ने की। मुख्य अतिथि विधायक घनश्याम सर्राफ और सत्यनारायण मित्तल ने कहा कि नशा आज समाज और परिवारों के सामने बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। परिवार को नशे की बुराई से बचाने के लिए माता-पिता को अपने बच्चों के साथ संवाद बनाए रखना चाहिए और उनकी गतिविधियों पर ध्यान देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि सरकार नशे के खिलाफ गंभीरता से कार्य कर रही है और समय-समय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। युवाओं को खेलों के माध्यम से नशे से दूर रहने का संदेश देना सराहनीय पहल है। खेल शरीर को स्वस्थ रखने के साथ-साथ युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना का विकास करते हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपना समय खेल, शिक्षा और रचनात्मक गतिविधियों में लगाएं तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाएं।
इस अवसर पर समाजसेवी नंदकिशोर अग्रवाल, टूर्नामेंट कॉर्डिनेटर डा. मुरलीधर शास्त्री, प्रणामी मंदिर धाम से दलीप मिश्रा, अमित गोयल, ओमप्रकाश,समाजसेवी श्याम सुंदर सनातनी, संयोजक मुकेश रहेजा, समाजसेवी नंदकिशोर अग्रवाल, अभिषेक सोलंकी, चैम्पियनशिप प्रवक्ता एवं राष्ट्रीय युवा पुरस्कार विजेता अशोक कुमार भारद्वाज, स्वास्थ्य कल्याण समिति के सदस्य मदन शर्मा, मास्टर अजेंद्र शर्मा, अनूप कुमार, कोच श्रवण कुमार, राजेश कोच, अभिषेक तिवारी, प्रवीण गोयल, मदन गोपाल, मधू रेश, अभिषेक कुमार, नितेश रावत, कर्ण प्रताप, दिनेश सुई, रोहित सिंह, सुखविंदर दुहन, अंकित सांगवान, अनूप कुमार, राजेश कोच सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
फाइनल मुकाबला भिवानी सुपर क्रिकेट क्लब और कैरू ड्रीम एकादश के बीच खेला गया। आठ ओवर के इस मुकाबले में कैरू ड्रीम एकादश ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और भिवानी सुपर क्रिकेट क्लब के सामने 64 रनों का लक्ष्य रखा। कप्तान विनोद भाकर के सफल नेतृत्व में भिवानी सुपर क्रिकेट क्लब ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए अंतिम ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया और मुकाबला पांच विकेट से जीतकर चैम्पियनशिप अपने नाम कर ली। विजेता टीम को 31 हजार रुपये तथा उपविजेता टीम को 21 हजार रुपये की पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया गया। चैम्पियनशिप प्रवक्ता एवं राष्ट्रीय युवा पुरस्कार विजेता अशोक कुमार भारद्वाज ने बताया कि भिवानी सुपर क्रिकेट क्लब की विजेता टीम अब पंचकूला में आयोजित होने वाले अगले स्तर के मुकाबले में अपना दमखम दिखाएगी।