Narela Accident News: शराब के नशे में मर्सिडीज दौड़ा रहे पुलिसकर्मी के बेटे ने ली महिला की जान, कार से बीयर कैन बरामद
नरेला में पुलिसकर्मी के बेटे की तेज रफ्तार मर्सिडीज ने वैगनआर और टेंपो को मारी टक्कर। हादसे में बुजुर्ग उर्मिला की मौत, आरोपी शुभम गिरफ्तार।
सोनीपत: हरियाणा पुलिस में दरोगा के बेटे ने अपनी तेज रफ्तार मर्सिडीज से वैगनआर को टक्कर मार दी। भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि वैगनआर घूमकर सड़क किनारे खड़े टेंपों से टकरा गई और मर्सिडीज के दोनों एयरबैग खुल गए।
घटनास्थल पर चीटियों को आटा डाल रहीं बुजुर्ग उर्मिला (70) की टेंपो और कार के बीच आने से मौत हो गई। हादसे में वैगनआर चालक नरेंद्र भी घायल हो गया। उर्मिला दो बेटों और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मामूरपुर में रहती थी। स्थानीय लोगों ने मर्सिडीज चला रहे शुभम को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। लोगों का आरोप है कि शुभम नशे में था और उसकी गाड़ी से बीयर केन मिला। आरोपी 80 से 90 किमी की रफ्तार से कार चला रहा था।
पुलिस ने आरोपी शुभम के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने से मौत का मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया है। बाहरी उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त शोभित डी सक्सेना ने बताया कि नरेला
थाना पुलिस को मामूरपुर के हिमालय अपार्टमेंट के सामने सुबह करीब 8 बजे हादसा होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस को सड़क पर मर्सिडीज, वैगनआर और माल ढोने वाला टेंपो क्षतिग्रस्त हालत में मिले। दुर्घटना तब हुई, जब शुभम अपने दोस्तों के साथ पार्टी कर नरेला स्थित अपने घर वापस जा रहा था।

