नारी शक्ति जन आक्रोश सम्मेलन आयोजित, महिलाओं ने फूंका कांग्रेस का पुतला 

 
नारी शक्ति जन आक्रोश सम्मेलन आयोजित, महिलाओं ने फूंका कांग्रेस का पुतला 

भिवानी,:

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में नारी शक्ति को सशक्त बनाने के प्रयासों के बीच भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस पर महिला विरोधी होने का तीखा हमला बोला है। सोमवार को स्थानीय पंचायत भवन में आयोजित नारी शक्ति जन आक्रोश सम्मेलन को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य मीना परमार ने कांग्रेस की जमकर घेराबंदी की।

उन्होंने कहा कि संसद के विशेष सत्र के दौरान कांग्रेस ने शक्ति वंदन विधेयक की राह में रोड़े अटकाकर देश की करोड़ों महिलाओं के साथ विश्वासघात किया है। उन्होंने कड़े शब्दों में कहा कि कांग्रेस का इतिहास हमेशा से महिला हितों से जुड़े मुद्दों को अटकाने, लटकाने और भटकाने का रहा है। सम्मेलन में जुटी महिलाओं की भारी भीड़ को संबोधित करते हुए मीना परमार ने कहा कि आज देश कांग्रेस की असलियत और उसकी मंशा को अच्छी तरह समझ चुका है। यही कारण है कि आज महिलाएं कांग्रेस के खिलाफ मुखर होकर सडक़ों पर उतर आई हैं।

कांग्रेस ने जिस तरह से महिला आरक्षण और सशक्तिकरण के प्रयासों में बाधा डाली है, उसका खामियाजा उसे आने वाले चुनावों में भुगतना पड़ेगा। सम्मेलन के दौरान महिलाओं का गुस्सा सातवें आसमान पर दिखाई दिया। मीना परमार के संबोधन के बाद कार्यक्रम में उपस्थित सैकड़ों महिलाओं ने कांग्रेस पार्टी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। आक्रोश इतना अधिक था कि सम्मेलन के समापन के पश्चात महिलाओं ने कांग्रेस का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया। महिलाओं ने स्पष्ट संदेश दिया कि वे अब अपने अधिकारों के साथ किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं करेंगी। इस सम्मेलन और जन आक्रोश प्रदर्शन का कुशल संचालन जिला महामंत्री रेखा राघव द्वारा किया गया।

कार्यक्रम में जिले की विभिन्न इकाइयों से आई महिला पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया, जिससे भाजपा के महिला विंग की मजबूती का प्रदर्शन भी हुआ। इस अवसर पर वक्ताओं ने एक सुर में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार महिलाओं को संसद से लेकर पंचायत तक अधिकार देने के लिए प्रतिबद्ध है, जबकि विपक्षी दल केवल राजनीति करने में जुटे हैं।

सम्मेलन ने आगामी राजनीतिक सरगर्मियों के बीच यह साफ कर दिया है कि महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण आने वाले समय में एक निर्णायक मुद्दा बनने जा रहा है। इस अवसर पर केशव मंडल अध्यक्ष नवीता तंवर, पूर्व जिला उपाध्यक्ष शकुंतला कौशिक, पूर्व जिला उपाध्यक्ष आरती शर्मा, सुनीता शर्मा, सज्जन कौर, जिला सचिव पिंकी नागर, जिला उपाध्यक्ष शालू अरोड़ा, महिला मोर्चा पूर्व सचिव वीना तंवर, पूर्व जिला उपाध्यक्ष ओमपति वर्मा, दयावंती,  कमला देवी सहित अनेक महिलाएं मौजूद रही।