नारनौल: आसमानी बिजली का कहर, 27 बकरियों की मौत; चरवाहा गंभीर रूप से झुलसा!
नारनौल के खेड़की गांव में आसमानी बिजली गिरने से बड़ा हादसा। पशुपालक की 27 बकरियों की मौके पर मौत, चरवाहा गौरव गंभीर रूप से घायल। पीड़ित परिवार ने मांगी आर्थिक मदद।
नारनौल : जिले के नांगल सिरोही के समीप स्थित खेड़की गांव में कल शाम अचानक मौसम बिगड़ने के दौरान आसमानी बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया जिसमें खेतों में बकरी चराने के लिए निकले ग्वालिये की 27 बकरियां आसमानी बिजली गिरने से मौके पर ही मर गई, जबकि बकरी चराने वाला ग्वालिया भी बिजली की चपेट में आने से बुरी तरह से झुलस गया जिसका नारनौल के नागरिक अस्पताल में इलाज चल रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कल शाम के समय मौसम अचानक बदला और तेज गर्जना के साथ बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान खेतों में चर रही बकरियों के झुंड पर बिजली गिर गई। तेज धमाके के साथ हुई इस घटना से आस-पास के लोग दहशत में आ गए और तुरंत मौके की ओर दौड़े, जहां बड़ी संख्या में बकरियां मृत पड़ी मिलीं। हादसे के समय बकरियों के साथ मौजूद चरवाहा गौरव भी बिजली की चपेट में आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलते ही गांव के लोग बड़ी संख्या में मौके पर एकत्रित हो गए।
वहीं पशुपालक सुनील कुमार ने कहा कि उनका बेटा खेत में बकरियां चराने के लिए आया था और उस पर आसमानी बिजली गिर गई, जिसके कारण उनकी 27 बकरियों की मौके पर ही मौत हो गई और उनका बेटा भी आसमानी बिजली गिरने से बुरी तरह से झुलस गया। पशुपालक सुरेश कुमार ने प्रशासन से मांग की है कि उन्हें आर्थिक सहायता दी जाए, क्योंकि पशु पालने के अलावा उनके पास कोई रोजी-रोटी का साधन नहीं है।

