नारनौल रहा सबसे ठंडा, जिलों में शीतलहर का येलो अलर्ट

 
नारनौल रहा सबसे ठंडा, जिलों में शीतलहर का येलो अलर्ट

हरियाणा में 24 घंटों के दौरान औसत न्यूनतम तापमान में 1.4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। हालांकि, राज्य का तापमान अभी सामान्य से 1.9 डिग्री सेल्सियस कम बना हुआ है।

मौसम विभाग के अनुसार, बीती रात को नारनौल में सबसे कम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे ठंडा स्थान रहा। बीते कल हिसार में न्यूनतम पारा 3.5 डिग्री चला गया था, जो कि प्रदेश में इस सीजन का सबसे कम तापमान रहा।

दूसरी तरफ हरियाणा में पहाड़ों से मैदानों की ओर बर्फीली हवाएं चल रही है। 7 जिलों में अगले 24 घंटे में शीतलहर का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसमें सिरसा, हिसार, फतेहाबाद, जींद, कैथल, कुरुक्षेत्र और करनाल जिले शामिल हैं।

मौसम विभाग की मंगलवार सुबह जारी रिपोर्ट के मुताबिक, चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस, अंबाला में 8.7 डिग्री, हिसार में 5.9 डिग्री, करनाल में 6.8 डिग्री और रोहतक में 9.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, सिरसा में तापमान 7 डिग्री, फरीदाबाद में 10 डिग्री और गुरुग्राम में 10.8 डिग्री सेल्सियस रहा।

हरियाणा के 18 प्रमुख स्टेशनों में से 12 स्थानों पर तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया। हिसार, करनाल, नारनौल और सिरसा में तापमान सामान्य से 3 से 4 डिग्री कम रहा। वहीं, रोहतक और फरीदाबाद जैसे शहरी क्षेत्रों में तापमान सामान्य के करीब पहुंचा है।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ की अनुपस्थिति के कारण फिलहाल हरियाणा में मौसम शुष्क बना हुआ है। हवा की दिशा उत्तर-पश्चिमी बनी रहने से रात के समय ठंड में और इजाफा हो सकता है।

दिसंबर में हरियाणा के हिसार, नारनौल और महेंद्रगढ़ में तापमान जमाव बिंदू पर चला जाता है। मौसम एक्सपर्ट का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान और गिर सकता है। पशु वैज्ञानिकों ने पशुओं को छत के नीचे बांधने और पास ही अलाव जलाने की सलाह दी है।

हरियाणा में 1 दिसंबर को अधिकतम तापमान भी सामान्य से नीचे दर्ज किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के आंकड़ों के अनुसार, राज्य के अधिकांश हिस्सों में तापमान सामान्य से 2 से 3 डिग्री सेल्सियस कम रहा, जिससे सुबह और शाम की ठिठुरन बनी रही।

प्रदेश में हिसार में 25.0°C और भिवानी में 25.0°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 1.4 डिग्री कम है। फरीदाबाद में अधिकतम तापमान 27.2°C रहा, हालांकि यह भी सामान्य से 2.1°C नीचे है।

मौसम विभाग के अनुसार, हवा की दिशा उत्तर-पश्चिमी बनी रहने से रात के समय ठंड में और इजाफा हो सकता है। विशेषज्ञों का कहना है कि दिसंबर के दूसरे सप्ताह से ठंड में और तेजी आ सकती है, जिससे न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।