राष्ट्रीय सेवा योजना राष्ट्रीय एकता और युवा नेतृत्व के विकास का सशक्त माध्यम है : दिनेश
भिवानी :
राजकीय मॉडल संस्कृत वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में चल रहे राष्ट्रीय सेवा योजना के राष्ट्रीय एकता शिविर का समापन समारोह आज बड़े हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ एनएसएस हरियाणा के एसएनओ दिनेश कुमार द्वारा दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। वे इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भी रहे। समारोह में खंड शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार गौड़, विद्यालय प्राचार्य राजेश शर्मा और अशोक कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। मंच संचालन संस्कृत प्रवक्ता नवीन कुमार ने किया।
जिला संयोजक आनंद कुमार ने अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ भेंट कर किया, जबकि मीडिया प्रभारी रामधन शास्त्री ने वोट ऑफ थैंक्स प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि “इस शिविर ने देश के विभिन्न हिस्सों से आए स्वयंसेवकों को एक-दूसरे की संस्कृति को समझने और सांझा करने का अवसर दिया।
” 7 दिन के शिविर की रिपोर्ट संदीप शर्मा ने प्रस्तुत की, जिसमें शिविर के दौरान हुई सामाजिक, सांस्कृतिक और सेवा संबंधी गतिविधियों का विवरण दिया गया। कार्यक्रम के अंत में प्रतियोगिताओं में विजेता स्वयंसेवकों को मैडल व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि दिनेश कुमार ने शिविर के सफल आयोजन के लिए जिला संयोजक आनंद कुमार एवं सभी कार्यक्रम अधिकारियों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि “राष्ट्रीय सेवा योजना समाज सेवा, राष्ट्रीय एकता और युवा नेतृत्व के विकास का सशक्त माध्यम है। ऐसे शिविर न केवल युवाओं में सेवा भावना जगाते हैं, बल्कि देश की विविधता में एकता के भाव को भी सुदृढ़ करते हैं।”

