हरियाणा में रात का तापमान गिरा, सुबह मौसम रहा साफ

 
हरियाणा में रात का तापमान गिरा, सुबह मौसम रहा साफ

हरियाणा में दो दिन बाद आज सुबह कोहरे से राहत मिली। सोनीपत, रेवाड़ी, फतेहाबाद, झज्जर व अन्य जिलों में मौसम साफ है। ये वे जिले हैं, जहां दो दिन लोगों ने घना कोहरा और हादसों को देखा है।

हांलाकि भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दक्षिण हरियाणा के राजस्थान और NCR के जिलों में कोहरे काे लेकर अलर्ट जारी किया हुआ है। वाहन ड्राइवरों को सुबह के समय गाड़ी चलाने में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

उधर, देर शाम को हवा की दिशा बदलने से मौसम साफ नजर आ रहा है। उत्तर-पश्चिमी हवा चलने से धुंध कई इलाकों में आज नजर नहीं आई। इससे पहले दक्षिण पूर्वी हवा चलने से नमी बढ़ गई थी। मौसम एक्सपर्ट का कहना है कि पहाड़ों से मैदानों की ओर से हवा बहने से न्यूनतम तापमान में एक बार फिर गिरावट आ सकती है।

नारनौल में सामान्य से 1 डिग्री कर रहा तापमान

बीती रात को प्रदेश के न्यूनतम तापमान में कल की तुलना में 0.5 की मामूली गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि यह सामान्य तापमान के लगभग करीब है। नारनौल (महेंद्रगढ़) की रात सबसे ठंडी रही, जहां न्यूनतम तापमान 6.0 रिकॉर्ड किया गया। अन्य प्रमुख स्थानों के तापमान की बात करें तो, सिरसा में 6.2, हिसार में 6.6 डिग्री और पंचकूला में रात का तापमान 6.9 डिग्री दर्ज किया गया।