जीटी रोड से हटा अतिक्रमण, हरिद्वार के लिए शुरू हुईं स्पेशल बसें; ड्रोन-CCTV से निगरानी

कांवड़ यात्रा के दौरान सोशल मीडिया पर अफवाहों और फेक न्यूज को रोकने के लिए नोएडा पुलिस सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स और कंटेंट क्रिएटर्स की मदद लेगी। जानिए सुरक्षा और व्यवस्था के नए निर्देश।

 
कांवड़ यात्रा सुरक्षा व्यवस्था

कांवड़ यात्रा को सफल बनाने, सोशल मीडिया पर अफवाह पर अंकुश लगाने और लोगों को जागरूक करने के लिए नोएडा पुलिस सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स और यूट्यूबर्स की मदद लेगी। इस संबंध में पुलिस ने गौतमबुद्धनगर जिले में रहने वाले इन्फ्लुएंसर्स और कंटेंट क्रिएटर्स के साथ बैठक की है।

इस बैठक में आईपीएस राहुल श्रीवास्तव, डीसीपी साइबर सुरक्षा शैव्या गोयल, एडीसीपी मुख्यालय सुधीर कुमार और यूट्यूबर मृदुल तिवारी, नितिन और पवन यादव सहित कई इन्फ्लुएंसर्स ने हिस्सा लिया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कई बार सोशल मीडिया पर बिना तथ्यों की पुष्टि किए भ्रामक या पुरानी घटनाओं को नया बताकर वायरल कर दिया जाता है, जिससे अफवाह फैलती है और कानून-व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। ऐसे मामलों पर कार्रवाई के साथ-साथ अब प्रमाणिक जानकारी लोगों तक पहुंचाने के लिए इन्फ्लुएंसर्स का सहयोग लिया जाएगा। इसके तहत इन्फ्लुएंसर्स साइबर ठगी से बचाव, डायल-112, महिला सुरक्षा, महिला हेल्पलाइन, सरकारी योजनाओं और अन्य पुलिस सेवाओं से जुड़ी जानकारी अपने यूट्यूब, इंस्टाग्राम, फेसबुक और एक्स जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शेयर करेंगे। पुलिस ने बताया कि यात्रा के दौरान भी सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं का तत्काल खंडन कराया जाएगा।

कांवड़ मार्ग से अतिक्रमण हटाया

कांवड़ यात्रा के लिए मार्ग से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू हो गई है। शुक्रवार को एनएचएआई की टीम ने बादलपुर कोतवाली पुलिस के साथ जीटी रोड से अतिक्रमण हटाया। अभियान के दौरान अवैध अतिक्रमण को गिरा दिया गया। साथ ही दोबारा अतिक्रमण पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

नोएडा डिपो से हरिद्वार के लिए पांच बसें चलाई जा रहीं

मोरना स्थित नोएडा डिपो की बसों में कांवड़ियों के हरिद्वार जाने का सिलसिला शुरू हो गया है। हालांकि, भीड़ न होने से पूर्व निर्धारित संख्या में ही बस चलाई जा रही हैं। नोएडा डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक रोहताश कुमार ने बताया कि डिपो में कावड़िये आने शुरू हो गए है। हालांकि, इनकी संख्या अभी कम है। ऐसे में पांच बस ही हरिद्वार के लिए चलाई जा रही है। शिव भक्तों की संख्या बढ़ने पर बसों की संख्या बढ़ा दी जाएगी।

कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा-सुविधा प्राथमिकता: आदित्यनाथ

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगामी श्रावण मास, कांवड़ यात्रा और विभिन्न पर्वों के मद्देनजर अधिकारियों को आगाह करते हुए शुक्रवार को कहा कि इस दौरान प्रत्येक श्रद्धालु की सुरक्षा, सुविधा और सम्मान सर्वोच्च प्राथमिकता है। आदित्यनाथ ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान कानून व्यवस्था, यातायात, स्वास्थ्य सेवाएं, स्वच्छता, खाद्य सुरक्षा और जनसुविधाओं की ऐसी व्यवस्था दिखाई देनी चाहिए, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

सीएम ने कहा कि सौहार्द बिगाड़ने, अफवाह फैलाने, मिलावट, अव्यवस्था या अराजकता पैदा करने का प्रयास करने वाले तत्वों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए और प्रशासन पूरे आयोजन के दौरान पूरी सजगता तथा संवेदनशीलता के साथ कार्य करे।

अफवाह और फेक न्यूज फैलाने वालों होगा ऐक्शन

सीएम योगी ने अधिकारियों को सोशल मीडिया पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश देते हुए कहा कि अफवाह और फर्जी समाचार फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान ड्रोन, सीसीटीवी कैमरों और पुलिस गश्त के माध्यम से चौबीसों घंटे निगरानी रखी जाए। प्रमुख घाटों और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत की जाए।

मुख्यमंत्री ने मेरठ जोन की तैयारियों और कार्ययोजना को प्रदेश के अन्य सभी पुलिस जोन के साथ साझा करने के निर्देश दिए, ताकि पूरे प्रदेश में एक समान और प्रभावी व्यवस्था लागू की जा सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रदेशभर में यात्रा से जुड़ी व्यवस्थाएं एक समान हों और प्रत्येक श्रद्धालु की सुरक्षा, सुविधा तथा सम्मान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कांवड़ संघों के साथ सतत संवाद बनाए रखने और यात्रा मार्गों पर सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।