दिल्ली बम हादसे में मारे गए नागरिकों को एनएसयूआई ने दी श्रद्धांजलि 

 
दिल्ली बम हादसे में मारे गए नागरिकों को एनएसयूआई ने दी श्रद्धांजलि 

भिवानी:

राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किला क्षेत्र के पास सोमवार शाम हुए दर्दनाक विस्फोट में कई निर्दोष नागरिकों की मौत और अनेक के घायल होने की घटना ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है।

इस हादसे के बाद एनएसयूआई भिवानी इकाई ने शोक व्यक्त करते हुए शहीद नागरिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की और केंद्र सरकार से तत्काल, निष्पक्ष जांच व जवाबदेही तय करने की मांग की है। एनएसयूआई भिवानी जिला अध्यक्ष मंजीत लंगायन ने कहा कि यह विस्फोट सिर्फ एक आतंकी हमला नहीं, बल्कि यह सरकार की सुरक्षा नीति, खुफिया तंत्र और नागरिक-सुरक्षा के भरोसे की भी विफलता का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि भाजपा-शासित केंद्र और राज्य सरकारें जनता की सुरक्षा को अपनी प्राथमिकताओं में शामिल करने में असफल रही हैं। जब देश की राजधानी में एक वाहन लाल बत्ती पर रुका और विस्फोट हुआ तो यह केवल एक सुरक्षा चूक नहीं, बल्कि पूरे सिस्टम की नाकामी है।

यह घटना इस बात का स्पष्ट संकेत है कि खुफिया तंत्र, स्थानीय पुलिस व्यवस्था और नागरिक सुरक्षा नीति में बड़ा अंतराल और असंतुलन पैदा हो चुका है।

एनएसयूआई ने मांग उठाई कि विस्फोट की निष्पक्ष, पारदर्शी और सार्वजनिक जांच की जाए तथा दोषियों को कठोरतम सजा दी जाए, सुरक्षा-प्रबंधन, खुफिया एजेंसियों और पुलिस-प्रशासन के तंत्र का पुनर्मूल्यांकन किया जाए विशेषकर राजधानी और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में, भाजपा-शासित सरकारें यह स्पष्ट करें कि उनका विकास एजेंडा केवल बड़े प्रोजेक्ट्स तक सीमित नहीं बल्कि नागरिक सुरक्षा और युवाओं के भरोसे को भी शामिल करता है, सरकार यह सुनिश्चित करे कि युवाओं, छात्रों और आम नागरिकों को सुरक्षा का विश्वास महसूस हो न कि घटना के बाद सिर्फ बयानबाजी सुनने को मिले। इस अवसर पर नरेंद्र सरोहा, सविता , प्रियामलिक, वर्षा , संजना, ऋतु, रवि, हरिदास, मोहित, कविता, सुमन, ममता आदि एनएसयूआई कार्यकर्ता मौजूद रहे।