Nuh News: ग्रीवेंस कमेटी मीटिंग में भिड़े विधायक मामन खान और पूर्व विधायक नसीम अहमद, पेयजल समस्या पर हंगामा

नूंह की ग्रीवेंस कमेटी मीटिंग में रिगड़ गांव की पेयजल समस्या को लेकर विधायक मामन खान और पूर्व विधायक नसीम अहमद के बीच तीखी झड़प। मंत्री विपुल गोयल ने किया हस्तक्षेप।
 
पेयजल समस्या ग्रीवेंस मीटिंग

नूंहः जिले की फिरोजपुर झिरका विधानसभा क्षेत्र के रिगढ़ गांव में पेयजल की समस्या है. ग्रीवेंस कमेटी की मीटिंग में इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस विधायक मामन खान इंजीनियर और पूर्व विधायक, भाजपा नेता नसीम अहमद के बीच जुबानी जंग देखने को मिली. दोनों नेताओं में गांव की पेयजल समस्या को लेकर काफी देर तक बहस होती रही. आखिरकार बीच में कांग्रेस विधायक आफताब अहमद और ग्रीवेंस कमेटी अध्यक्ष सह राजस्व एवं आपदा मंत्री विपुल गोयल को हस्तक्षेप करना पड़ा. तब कहीं जाकर मामला शांत हो गया, लेकिन कुछ देर के लिए मीटिंग हॉल में पूरी तरह से सन्नाटा पसर गया.

पानी सप्लाई नहीं होने के मुद्दे पर हंगामा: दरअसल रिगड़ गांव में पानी की समस्या को लेकर एक व्यक्ति ने ग्रीवेंस कमेटी की बैठक में मामला उठाया. इस पर स्थानीय विधायक मामन खान उसके पक्ष में खड़े हो गए. उन्होंने कहा कि "जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग इस गांव में पानी सप्लाई नहीं कर पा रहा है." विभाग के अधिकारी पानी देने का दावा करते रहे और विधायक मामन खान इसका एतराज करते रहे. कुछ देर बाद पूर्व विधायक भाजपा नेता नसीम अहमद भी जोश में आ गए और उन्होंने कहा कि "पानी आ रहा है, तभी तो इस गांव में कैंसर फैलने की शिकायत की जा रही है."

'अधिकारियों को सही तरीके से देना चाहिए था जवाब: कुल मिलाकर जब इस बारे में कांग्रेस विधायक आफताब अहमद से बातचीत की गई तो उन्होंने कहा कि "विधायक मामन खान इंजीनियर की बात पर जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को सही तरीके से जवाब देना चाहिए था." उन्होंने कहा कि "जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग सिर्फ रिगड़ गांव में ही नहीं बल्कि जिले के अधिकतर गांवों में पेयजल आपूर्ति करने में पूरी तरह से नाकाम साबित रहा है. परिवाद में जिम्मेदारी से जवाब देना चाहिए था. जब अधिकारी मीटिंग में गलत ब्यानी करते हैं तो उन्हें रोकना हमारी जिम्मेदारी है."