नूंह मौसम अपडेट: बारिश से मिली गर्मी से राहत, किसानों के खिले चेहरे

नूंह और हरियाणा में मौसम का मिजाज बदला। हल्की बारिश से लोगों को उमस से मिली राहत। किसानों के लिए खरीफ फसलों (ज्वार-बाजरा) की बुवाई के लिए बने अनुकूल हालात।

 
गर्मी से राहत

नूंह : दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा में गुरुवार सुबह से मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ रहा है। नूंह जिले में भी सुबह हल्की बारिश दर्ज की गई, जिसके बाद ठंडी हवाएं चलने लगीं। मौसम में आए इस बदलाव से लोगों को भीषण गर्मी और उमस से काफी राहत मिली है। बारिश के बाद पूरे जिले का मौसम सुहावना हो गया, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली।

मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा के कई हिस्सों में दिनभर बादल छाए रहने, हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। आने वाले दिनों में मानसून के और सक्रिय होने के संकेत हैं, जिससे प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में अच्छी बारिश होने की उम्मीद है।

नूंह में हुई हल्की बारिश का फायदा केवल आम लोगों को ही नहीं बल्कि किसानों को भी मिलने की उम्मीद है। बारिश के बाद खेतों में नमी बढ़ गई है, जिससे ज्वार और बाजरे जैसी खरीफ फसलों की बुवाई के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन गई हैं। किसान अब तेजी से ज्वार-बाजरे की बिजाई की तैयारी में जुट गए हैं और अच्छी बारिश की उम्मीद लगाए हुए हैं। यदि आने वाले दिनों में मानसून लगातार सक्रिय रहता है, तो इससे खेती को बड़ा लाभ मिलेगा और किसानों की फसलों के लिए पर्याप्त नमी उपलब्ध होगी। वहीं दूसरी ओर लोगों को भी भीषण गर्मी और उमस से राहत मिलती रहेगी।