समाधान शिविर में आने वाली समस्याओं को गंभीरता से लें अधिकारी-डीसी साहिल गुप्ता 

 
 समाधान शिविर में आने वाली समस्याओं को गंभीरता से लें अधिकारी-डीसी साहिल गुप्ता 

भिवानी।    

डीसी साहिल गुप्ता ने अधिकारियों को चेताया कि समाधान शिविर में आने वाली समस्याओं पर नागरिकों के बार-बार चक्कर लगाने वाले तथा ठोस कारवाई नहीं करने पर संबंधित विभागाध्यक्ष का एक दिन का वेतन काटा जाएगा।

अधिकारी नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से लें। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी स्वयं समाधान शिविरों की समीक्षा करते हैं। उन्होंने कहा कि विभागाध्यक्ष समाधान शिविरों पर स्वयं उपस्थित रहें।
डीसी श्री गुप्ता सोमवार को स्थानीय लघु सचिवालय स्थित डीआरडीए हॉल में आयोजित समाधान शिविर में नागरिकों की समस्याएं सुन रहे थे। डीसी सभी समाधान शिविरों में लंबित समस्याओं व रीओपन समस्याओं की समीक्षा की और संबंधित विभाग को उनके समाधान के निर्देश दिए।

उन्होंने विशेषकर क्रीड विभाग को निर्देश दिए कि परिवार पहचान पत्र में नाम, आय, आधार कार्ड और पेंशन से संबंधित समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई करें।
डीसी के समक्ष कामरेड ओमप्रकाश कामरेड ने डीसी  को बताया कि गांव बामला में सांगा को जाने वाले रास्ते की हालत जर्जर बनी है, जबकि इसके जीर्णोद्धार के लिए करीब 15 लाख रुपए की ग्रांट काफी लंबे समय पहले मंजूर बताई गई है, लेकिन पंचायत को यह पैसा नहीं दिया जा रहा है।

वहीं कष्टï निवारण समिति सदस्य सुनील वर्मा नंबरदार ने पुराना बस स्टैंड क्षेत्र में पेयजल समस्या का समाधान करवाने की मांग रखी।

इसी प्रकार से गांव ढ़ाणी जंगा निवासी सूबे सिंह ने अवैध कब्जा हटवाने, ढ़ाणा नरसाना निवासी सूर्यकांत ने पानी की सप्लाई का प्रेशर बढ़वाने, सेक्टर 13 निवासी रीना ने आपसी झगड़े के चलते पुलिस कार्यवाही करवाने, कालूवास निवासी विजयपाल ने अपनी जमीन से अवैध कब्जा हटवाने, गांव तालू निवासी रामनिवास ने गली से कूड़ा-कचरा उठवाने, नाथूराम ने अपनी जमीन का खाता अलग करवाने, पिंकी ने मैरिज सर्टिफिकेट बनवाने, सुरेन्द्र ने अविवाहित पेंशन बनवाने तथा अशोक कुमार, रेनू, घनश्याम व विजेन्द्र ने पीपीपी में त्रुटि दुरुस्त करवाने से संबंधित समस्या रखी।
डीसी ने सभी समस्याओं को गौर से सुना और अधिकारियों को प्राथमिकता से शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए। समाधान शिविर में सीईओ जिला परिषद अजय चोपडा, नगराधीश अनिल कुमार, सिंचाई विभाग के एससी ओपी बिश्नोई , सिविल सर्जन रघुवीर शांडिल्य, जिला शिक्षा अधिकारी निर्मल दहिया, बीडीपीओ सोमबीर कादयान, जिला बागवानी अधिकारी डॉ. देवीलाल, जिला मत्स्य अधिकारी सिकंदर सांगवान, गैर सरकारी सदस्य रामकिशन हालुवासिया के अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।