नागरिकों की समस्याओं का समाधान करने में किसी प्रकार की कोताही ना बरतें अधिकारी: डीसी साहिल गुप्ता
भिवानी।
डीसी साहिल गुप्ता की अध्यक्षता में लघु सचिवालय स्थित डीआरडीए हॉल में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के दौरान डीसी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे जनहित से जुड़ी समस्याओं को गंभीरता व ध्यानपूर्वक सुनें और उनके समाधान के लिए तुरंत प्रभाव से कार्रवाई सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक सोमवार और वीरवार को जिला मुख्यालय और उपमंडल स्तर पर सुबह दस बजे से दोपहर 12 बजे तक समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें नागरिकों की समस्याएं सुनकर उनका समाधान किया जाता है। वहीं दूसरी ओर मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी भी वीसी के माध्यम से जुड़े। उन्होंने जिलाधिकारियों को निर्देश दिए अधिकारी शिकायतों को अपने पास लंबित ना रखें और शिकायतों का अतिशीघ्र समाधान करें।
मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि समाधान शिविर का मुख्य उद्देश्य आम जनता की शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण करना है, ताकि लोगों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने विभाग से संबंधित मामलों में संवेदनशीलता दिखाते हुए समयबद्ध तरीके से उनका समाधान करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता की शिकायतों को पूरी गंभीरता से सुना जाए और उनका प्रभावी समाधान किया जाए।
समाधान शिविर में डीसी के समक्ष करण सिंह ने सिटी रेलवे स्टेशन से सुभाष चंद्र बोस चौक तक नवीनीकरण व अनावश्यक कटों से संबंधित समस्या रखी। अमित ने फैमिली आईडी से अनजान सदस्य हटाने व पंचायती जमीन से कब्जे हटवाने की बात रखी। भीम सिंह ने डिफेंस कॉलोनी में ट्रांसफार्मर की स्थिति सुधारने की मांग की। सुनील वर्मा नंबरदार ने हांसी गेट के आसपास क्षेत्र के साथ-साथ शहर में विभिन्न स्थानों पर अतिक्रमण की समस्या रखी।
राजेंद्र ने गैस सिलेंडर बुकिंग की समस्या बताई, जबकि नरेश कुमार ने निजी जमीन से अवैध कब्जा हटवाने की गुहार लगाई। रामपाल ने तोशाम बाईपास पर सीवरेज व पानी निकासी की समस्या उठाई।
हरीकिशन ने राशन कार्ड कटने की शिकायत दी। महेश कुमार ने कृष्णा कॉलोनी क्षेत्र में रात्रि पुलिस व्यवस्था की मांग की। भगवान दास कालिया ने सडक़ों की मेंटेनेंस व नए पटवार खाने बनवाने की मांग रखी। राजवीर कौशिक ने गौशाला के पीछे बिजली के पोल हटवाने का मुद्दा उठाया। गौरव ने बजरंग बली कालोनी क्षेत्र में अवैध कब्जे हटवाने व सार्वजनिक रास्ते से अवैध दीवार हटाने की मांग की।
इसी प्रकार से विक्रम व मोनिका ने फैमिली आईडी में आय कम करवाने की मांग रखी, जबकि रामचंद्र ने अतिरिक्त प्लॉट को रिकॉर्ड से हटवाने की बात कही। अजय कुमार ने पैमाइश की नकल उपलब्ध करवाने की मांग की। अनीता ने मारपीट के मामले में पुलिस कार्रवाई की मांग की। विष्णु ने गांव में पानी निकासी के लिए नाला बनवाने, वार्ड 25 के पार्षद ने मेन सीवरेज होल की सफाई करवाने, संदीप सिंह ने जाटू लोहारी में बिजली मीटर कनेक्शन दिलवाने तथा सेवानिवृत कर्मचारी संघ के नेता वजीर सिंह ने निजी बसों में बुजुर्गों के साथ हो रही परेशानी रोकने व आधा किराया लागू करवाने की मांग रखी। सुशीला ने जमीन की पैमाइश करवाने की शिकायत दी।
डीसी ने सभी समस्याओं को गौर से सुना और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि नागरिकों की समस्याओं का समयबद्घ तरीके से समाधान करें। समाधान करने में किसी प्रकार की कोताही ना बरतें।
-गांव धिराना कलां में टायर जलाकर प्रदुषण फैलाने पर कार्रवाई के निर्देश
समाधान शिविर में गांव धिराना कलां व हालवास निवासियों ने डीसी को बताया कि गांव धिराना कला में एक टायर फैक्ट्री से उत्पन्न प्रदूषण के कारण आसपास सभी गांवों के लोग परेशान हैं। लोगों का सांस लेना दूभर हो रहा है। इस पर डीसी ने पर्यावरण प्रदुषण नियंत्रण बोर्ड को तुरंत प्रभाव से मौके पर जाकर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
वहीं एमिनेंट पर्सन अनिल सोलंकी ने रोहतक गेट से हालुवास गेट व लोहारू फाटक तक सडक़ों की मेंटेनेंस तथा बरसाती नाला निर्माण की समस्या उठाई। इस पर डीसी ने संबंधित विभाग को कार्य जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
शिविर में एसपी अमित कुमार, एडीसी दीपक बाबूलाल कारवा, डीएमसी हरबीर सिंह, डीएसपी अनूप कुमार, बिजली निगम के एसई विनोद पूनिया, सिंचाई विभाग के एसई ओपी बिश्रोई, डीएफओ डॉ. राजेश वत्स, तहसीलदार जयवीर सिंह, डीओ निर्मल दहिया, डीडीए कृषि विभाग निर्देशक डॉ. विनोद फोगाट, जिला खाद्य एवं पूर्ति नियंत्रक अपार तिवारी, टीएम भरत परमार, और एमिनेंट पर्सन सुनील वर्मा नंबरदार, नंदराम धानिया, रामकिशन हलवासिया, अनिल सोलंकी, अजीत शेखावत, केके ग्रोवर और नरेंद्र ग्रेवाल के अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

