पाकिस्तानी रेंजर्स ने पंजाब बॉर्डर पर BSF जवान को पकड़ा
भारत से बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (BSF) का जवान पीके सिंह गलती से BSF पोस्ट जलोके दोना के पास जीरो लाइन पार कर पाकिस्तानी क्षेत्र में चला गया। उसे सीमा पर पाक रेंजर्स ने हिरासत में लिया। जवान को हिरासत में लेने के पाकिस्तानी मीडिया ने फोटो जारी किए हैं। एक फोटो में जवान के साथ AK-47 राइफल और पानी की बोतल नजर आ रही है।
जानकारी के मुताबिक पीके सिंह कोलकाता के जिला हुगली का रहने वाला है। अभी तक वह छोड़ा नहीं गया है। BSF के अधिकारी लगातार पाक रेंजर्स के संपर्क में हैं।
हालांकि, सूत्रों से पता चला है कि पाक रेंजर्स हुसैनीवाला में फ्लैग मीटिंग के लिए नहीं आ रहे हैं। जिसके चलते बात सिरे नहीं चढ़ पाई है। उधर, अभी तक BSF की तरफ से कोई बयान भी नहीं आया है।
जानकारी के मुताबिक जो जवान पकड़ा गया है, वह कुछ दिन पहले ट्रांसफर होकर आया था। उसे जीरो लाइन की ज्यादा जानकारी नहीं थी। बुधवार (23 अप्रैल) को किसान अपनी फसल की कटाई के लिए मशीन लेकर गए थे। इस दौरान 2 जवान भी उनके साथ थे। गर्मी ज्यादा होने के चलते वह एक पेड़ के नीचे बैठ गया। इस दौरान पाक रेंजर्स ने उसे घेर लिया। साथ ही उसकी राइफल छीन ली। इसके बाद उसे बंदी बना लिया।
अब BSF के अधिकारी इस मामले में पाकिस्तान से मीटिंग कर रहे हैं, लेकिन जम्मू-कश्मीर में हुई घटना के बाद पाकिस्तान के अधिकारी मीटिंग के लिए नहीं आ रहे हैं।
वहीं जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले के बाद पंजाब में केंद्र सरकार के अटारी बॉर्डर बंद करने के ऐलान के बाद वीजा लेकर भारत आए पाकिस्तानी नागरिक अटारी चेक पोस्ट से वापस लौट रहे हैं। कोई मायके तो कोई रिश्तेदारी मेंं आया था। भारत सरकार ने पाकिस्तान लौटने के लिए 48 घंटे का समय दिया है।
पाकिस्तान लौट रहे ताहिर ने कहा- दोनों देशों के बीच पैदा हुए हालातों के कारण उन्हें तत्काल वापस लौटना पड़ रहा है। भारत सरकार ने आदेश दिया है कि 48 घंटे में वापस लौटा जाए।
पाकिस्तान से अपने मायके आई सादिया भावुक दिखीं। उन्होंने कहा कि वह भारत की बेटी है। यहीं पली-बढ़ीं हैं, लेकिन उनकी शादी पाकिस्तान में हुई। वह अपने मायके आई थी। अभी उनके पास वीजा है और उन्हें वापस जाना पड़ रहा है। जो भी पहलगाम में हुआ, वे बुरा हुआ। लेकिन इस पर कोई कमेंट नहीं करना चाहती हैं।
दूसरी तरफ भारतीय नागरिक जो घूमने के लिए पाकिस्तान गए थे, वे भी अब भारत लौटने लगे हैं। पाकिस्तान से लौटे अहमदाबाद के रहने वाले साजिद ने बताया कि वे कराची गए थे। वहां रिश्तेदारी में शादी थी। एक माह का वीजा था, लेकिन 10 दिन में ही लौट आए। क्यों लौटे? इस सवाल पर कहना था कि वहां दिल नहीं लगा, पहले ही टिकट करा दिए थे, इसलिए लौट आए है। वहां की सरकार ने कुछ कहा? इस सवाल पर कहा कि नहीं किसी ने वहां कुछ नहीं कहा।
इस बीच कुछ भारतीय परिवार भी अटारी बॉर्डर पर पहुंचे, जिनके पास पाकिस्तान जाने का वीजा था, लेकिन उन्हें इस पोस्ट से वापस भेज दिया गया है।

