लखनऊ: पल्लवी पटेल का सड़क पर हाई वोल्टेज ड्रामा, UGC रेगुलेशन-2026 की मांग पर अड़ीं; पुलिस ने हिरासत में लिया
लखनऊ विधानसभा सत्र के बीच विधायक पल्लवी पटेल का जोरदार प्रदर्शन। यूजीसी (UGC) रेगुलेशन-2026 लागू करने की मांग को लेकर समर्थकों संग धरने पर बैठीं पल्लवी पटेल। पुलिस से तीखी नोकझोंक के बाद हिरासत में लेकर ईको गार्डन भेजा गया।
राजधानी लखनऊ में विधानसभा सत्र के बीच सियासी माहौल उस वक्त गरमा गया, जब अपना दल कमेरावादी की नेता और विधायक पल्लवी पटेल समर्थकों के साथ सड़क पर धरने पर बैठ गईं. पल्लवी पटेल ने यूजीसी कानून को लेकर मोर्चा खोल दिया. उन्होंने यूजीसी रेगुलेशन-2026 लागू करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया और समर्थकों के साथ जोरदार नारेबाजी की. धरना स्थल पर समर्थकों के हाथों में तख्तियां और बैनर नजर आए, जिन पर ‘यूजीसी रेगुलेशन लागू करो’ जैसे नारे लिखे थे. प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने बैरिकेडिंग कर आगे बढ़ने से रोका तो माहौल तनावपूर्ण हो गया.
इस दौरान पुलिस और विधायक पल्लवी पटेल के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई. आगे बढ़ने की अनुमति न मिलने पर विधायक सड़क पर ही धरने पर बैठ गईं. उनके बैठते ही समर्थकों ने भी वहीं जमकर प्रदर्शन शुरू कर दिया. स्थिति को संभालने के लिए पुलिस-प्रशासन ने बातचीत का रास्ता अपनाया और उन्हें मनाने की कोशिश की. काफी देर तक मौके पर हंगामे और नारेबाजी का दौर चलता रहा, लेकिन जब विधायक पल्लवी पटेल नहीं मानीं तो उन्हें पुलिस ने हिरासत में ले लिया और ईको गार्डन भेजा.
दरअसल, विधायक पल्लवी पटेल के नेतृत्व में सैकड़ों महिलाएं और कार्यकर्ता UGC इक्विटी रेगुलेशन 2026 को लागू करने की मांग कर रहे थे, जिसे आरक्षित और वंचित वर्गों के अधिकारों की रक्षा के रूप में देखा जा रहा है. जैसे ही पल्लवी पटेल का मार्च रिजर्व पुलिस लाइन के पास पहुंचा, पुलिस ने बड़ी-बड़ी कंटेनर बैरिकेडिंग लगाकर रास्ता रोक दिया. पल्लवी पटेल ने बैरिकेड पर चढ़ने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया, जिससे दोनों पक्षों में झड़प शुरू हो गई.
खबर अपडेट की जा रही है...

