Hanuman Mandir Pran Pratishtha Details: भगवान श्रीराम और हनुमान के आदर्शों से ही संवरेगा समाज, नरेश तंवर जीएम ने कही बड़ी बात

भिवानी के पालवास में हनुमान मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा। नरेश तंवर जीएम ने पुत्र योगेश की स्मृति में कराया निर्माण। विशाल भंडारा संपन्न। पूरी खबर पढ़ें।
 
Yogesh Tanwar memory temple Bhiwani

गांव पालवास में भक्ति, संस्कार और सेवा का अनुपम संगम

नरेश तंवर जीएम के पुत्र योगेश तंवर की स्मृति चिरस्थाई बनाने के लिए हनुमान मंदिर का प्राण-प्रतिष्ठा समारोह संपन्न

भगवान श्रीराम और हनुमान के आदर्शों से ही संवरेगा युवा वर्ग और समाज : नरेश तंवर जीएम

भिवानी, 09 नवंबर : धर्म और भक्ति केवल उपासना का माध्यम नहीं, बल्कि जीवन को आदर्श, मर्यादा और लोक-कल्याण की राह दिखाने वाला मार्गदर्शक प्रकाशपुंज हैं। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री रामचंद्र के आदर्श और संकटमोचन पवनपुत्र हनुमान की अनन्य निष्काम भक्ति सदियों से मानव समाज को सद्मार्ग पर अग्रसर करती रही है। इसी भाव और श्रद्धा को साकार करते हुए गांव पालवास स्थित पुराना शिव मंदिर परिसर में नवनिर्मित श्री हनुमान मंदिर में भव्य प्राण-प्रतिष्ठा व समर्पण समारोह पूरी धार्मिक गरिमा, वैदिक मंत्रोच्चार और उल्लास के साथ संपन्न हुआ।

यह मंदिर वरिष्ठ कांग्रेसी नेता नरेश तंवर जीएम तथा उनकी धर्मपत्नी रेखा देवी द्वारा अपने दिवंगत सुपुत्र योगेश तंवर की स्मृति को चिरस्थाई बनाने के उद्देश्य से निर्मित कराया गया है। इस अवसर पर विधि-विधान से हवन-यज्ञ संपन्न हुआ, मूर्तियों की प्राण-प्रतिष्ठा की गई और विशाल भंडारे के माध्यम से श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। आयोजन में पूरे क्षेत्र से भारी संख्या में श्रद्धालु, ग्रामीण तथा गणमान्य नागरिक शामिल हुए और भक्तिरस में सराबोर होकर पूजा-अर्चना की। 

 युवा वर्ग

इस अवसर पर अपने भाव व्यक्त करते हुए वरिष्ठ कांग्रेसी नेता नरेश तंवर जीएम ने कहा कि आज हमारे समाज और विशेषकर युवा पीढ़ी को सही दिशा देने के लिए प्रभु श्री रामचंद्र और संकटमोचन हनुमान के आदर्शों पर चलना अनिवार्य हो गया है। उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आज की युवा पीढ़ी आधुनिक आपाधापी में कई स्तरों पर पथभ्रष्ट हो रही है। यदि समाज को सशक्त और सुसंस्कृत बनाना है, तो हमें भगवान राम द्वारा स्थापित जीवन मूल्यों को अपनाना होगा। उन्होंने कहा कि यह मंदिर उनके पुत्र योगेश तंवर की स्मृति को हमेशा जीवित रखेगा। 

गौरतलब होगा कि जब गांव पालवास में कोई शनि मंदिर नहीं था, तब नरेश तंवर जीएम ने अपनी माता की स्मृति में वहां शनि मंदिर का निर्माण करवाया था। इसके अलावा जब वे चंडीगढ़ जीएम से सेवानिवृत्त हुए, तब भी उन्होंने धर्मशाला में कमरे का निर्माण, राहगीरों के लिए शीतल जल की प्याऊ और शिव मंदिर के भव्य द्वार का निर्माण करवाकर जनसेवा की मिसाल पेश की थी। इस अवसर पर कांग्रेस जिला अध्यक्ष (शहरी) प्रदीप गुलिया जोगी, पवन बुवानीवाला, पूर्व प्राचार्य बुद्धदेव आर्य, डा. निरंजर रोहिल्ला, डा. शीलवंत, कंवरपाल पुुजारी, नेत्रपाल तंवर, पुजारी सुरेश शर्मा, महंत महाबीर गिरी, दिनेश कौशिक, छबीलदास गोयल, वेदपाल परमार, विजय सिंह पंवार, कप्तान रमेश चौहान, सतेंद्र ढ़ांडा, राजेंद्र सिंह परमार, कप्तान रामशरण, सतबीर थानेदार, कैलाश गुप्ता, संजय सिंह परमार सहित अनेक गणमान्य लोग व ग्रामीण मौजूद रहे।